Emergency Fund Guide: ज़रा एक पल के लिए सोचिए, अगर आज आपकी नौकरी चली जाए, बिजनेस कुछ महीनों के लिए ठप पड़ जाए या घर में अचानक लाखों रुपये का मेडिकल खर्च आ जाए, तो क्या आपके पास इतना पैसा है कि बिना किसी कर्ज या तनाव के घर का खर्च चला सकें? अधिकतर लोगों का जवाब होगा- "नहीं।"
यही वजह है कि फाइनेंशियल एक्सपर्ट सबसे पहले Emergency Fund बनाने की सलाह देते हैं। लेकिन यहां एक और बड़ा सवाल है... क्या हर व्यक्ति के लिए 6 महीने का Emergency Fund ही सही होता है? बिल्कुल नहीं।

अगर आप बैचलर हैं, आपकी जरूरतें अलग हैं। अगर शादीशुदा हैं तो जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं। फ्रीलांसर की आय हर महीने बदल सकती है, जबकि रिटायर व्यक्ति के सामने सबसे बड़ी चुनौती नियमित आय का न होना है। इसलिए हर व्यक्ति के लिए Emergency Fund की जरूरत भी अलग होती है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि आपकी स्थिति के हिसाब से कितना Emergency Fund होना चाहिए, इसे कैसे तैयार करें और इसे कहां रखना सबसे बेहतर रहेगा।
Emergency Fund आखिर होता क्या है?
Emergency Fund ऐसा पैसा होता है जिसे सिर्फ और सिर्फ मुश्किल समय के लिए अलग रखा जाता है। यानी ऐसा पैसा जिसे आप रोजमर्रा की शॉपिंग, छुट्टियों या नई कार खरीदने के लिए नहीं, बल्कि उन परिस्थितियों के लिए बचाकर रखते हैं जब अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाए।
जैसे:
नौकरी चली जाए
बिजनेस में कुछ महीनों तक कमाई बंद हो जाए
परिवार में मेडिकल इमरजेंसी आ जाए
घर या गाड़ी में बड़ा खर्च आ जाए
किसी वजह से नियमित आय रुक जाए
यानी यह आपकी Financial Safety Net है, जो मुश्किल समय में आपको कर्ज लेने या निवेश तोड़ने से बचाती है। अब सबसे बड़ा सवाल आता है कि आखिर किसी व्यक्ति के पास कितना Emergency Fund होना चाहिए? इसका कोई एक जवाब नहीं है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप बैचलर हैं, शादीशुदा हैं, फ्रीलांसर हैं या रिटायर हो चुके हैं। आपकी जिम्मेदारियाँ जितनी ज़्यादा होंगी, उतना बड़ा Emergency Fund रखने की ज़रूरत होगी। आइए एक-एक करके समझते हैं।
अगर आप बैचलर हैं:
अगर आपकी शादी नहीं हुई है और आपकी कमाई पर किसी और की जिम्मेदारी नहीं है, तो एक्सपर्ट्स 3 से 6 महीने के जरूरी खर्च जितना Emergency Fund रखने की सलाह देते हैं। इससे अगर नौकरी चली जाए या कुछ महीनों तक आय रुक जाए, तो आपको आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।अगर हर महीने आपका जरूरी खर्च ₹30,000 है, तो आपके पास ₹90,000 से ₹1.80 लाख तक का Emergency Fund होना चाहिए। अगर हर महीने ₹40,000 खर्च होते हैं, तो करीब ₹1.20 लाख से ₹2.40 लाख का Emergency Fund बनाना बेहतर रहेगा। वहीं अगर आपका मासिक खर्च ₹50,000 है, तो ₹1.50 लाख से ₹3 लाख तक का फंड तैयार रखना समझदारी होगी।
अगर आपकी नौकरी सरकारी है या आय काफी स्थिर है, तो 3 महीने का फंड भी शुरुआत के लिए पर्याप्त हो सकता है। लेकिन अगर आप प्राइवेट नौकरी, स्टार्टअप या ऐसे सेक्टर में काम करते हैं जहां नौकरी का जोखिम ज्यादा है, तो कम से कम 6 महीने का खर्च अलग रखना बेहतर माना जाता है।
अगर आप शादीशुदा हैं:
शादी के बाद सिर्फ आपका नहीं, बल्कि पूरे परिवार का खर्च आपकी जिम्मेदारी बन जाता है। ऐसे में कम से कम 6 महीने के जरूरी खर्च जितना Emergency Fund रखना चाहिए, ताकि किसी भी मुश्किल परिस्थिति में परिवार की आर्थिक जरूरतें प्रभावित न हों। अगर परिवार का मासिक खर्च ₹50,000 है, तो करीब ₹3 लाख का Emergency Fund होना चाहिए। अगर हर महीने ₹70,000 खर्च होते हैं, तो ₹4.20 लाख का फंड तैयार रखना बेहतर रहेगा। वहीं अगर मासिक खर्च ₹1 लाख है, तो कम से कम ₹6 लाख का Emergency Fund होना चाहिए। अगर परिवार में सिर्फ एक ही व्यक्ति कमाता है, तो 6 महीने से भी ज्यादा का Emergency Fund रखना और भी सुरक्षित माना जाता है।
अगर माता-पिता या बच्चों की जिम्मेदारी है:
अगर आपके ऊपर बुजुर्ग माता-पिता, छोटे बच्चे या अन्य आश्रित सदस्य हैं, तो अचानक मेडिकल खर्च या दूसरी वित्तीय जरूरतें कभी भी सामने आ सकती हैं। इसलिए ऐसे परिवारों के लिए 9 से 12 महीने के खर्च जितना Emergency Fund रखने की सलाह दी जाती है।अगर हर महीने जरूरी खर्च ₹50,000 है, तो ₹4.50 लाख से ₹6 लाख तक का Emergency Fund होना चाहिए। अगर मासिक खर्च ₹80,000 है, तो ₹7.20 लाख से ₹9.60 लाख तक का फंड तैयार रखना बेहतर रहेगा। वहीं अगर हर महीने ₹1 लाख खर्च होते हैं, तो ₹9 लाख से ₹12 लाख तक का Emergency Fund आर्थिक सुरक्षा दे सकता है।
अगर आप Freelancer, Consultant या Business करते हैं:
Freelancer, Consultant और बिजनेस करने वाले लोगों की आय हर महीने एक जैसी नहीं होती। कभी अच्छी कमाई होती है तो कभी कई महीनों तक कोई प्रोजेक्ट नहीं मिलता। यही वजह है कि इस वर्ग के लोगों को 12 से 18 महीने के खर्च जितना Emergency Fund रखने की सलाह दी जाती है। अगर आपका मासिक खर्च ₹30,000 है, तो ₹3.60 लाख से ₹5.40 लाख तक का Emergency Fund होना चाहिए। अगर हर महीने ₹50,000 खर्च होते हैं, तो ₹6 लाख से ₹9 लाख का फंड तैयार रखना चाहिए। अगर मासिक खर्च ₹60,000 है, तो ₹7.20 लाख से ₹10.80 लाख तक की बचत रखना बेहतर माना जाता है। वहीं अगर आपका जरूरी खर्च ₹1 लाख है, तो कम से कम ₹12 लाख से ₹18 लाख का Emergency Fund होना चाहिए।
अगर आप रिटायर हो चुके हैं:
रिटायरमेंट के बाद हर महीने नियमित सैलरी नहीं आती। ऐसे में मेडिकल खर्च या किसी दूसरी वित्तीय जरूरत के समय Emergency Fund ही सबसे बड़ा सहारा बनता है। इसलिए विशेषज्ञ रिटायर्ड लोगों को 24 से 36 महीने के खर्च जितना Emergency Fund रखने की सलाह देते हैं। अगर आपका मासिक खर्च ₹30,000 है, तो आपके पास ₹7.20 लाख से ₹10.80 लाख तक का Emergency Fund होना चाहिए। अगर हर महीने ₹50,000 खर्च होते हैं, तो ₹12 लाख से ₹18 लाख का फंड तैयार रखना बेहतर रहेगा। अगर मासिक खर्च ₹1 लाख है, तो ₹24 लाख से ₹36 लाख तक का Emergency Fund आर्थिक रूप से ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।
याद रखिए, Emergency Fund सैलरी नहीं, खर्च के हिसाब से बनता है। बहुत से लोग मानते हैं कि Emergency Fund उनकी सैलरी के आधार पर तय होता है, लेकिन असल में ऐसा नहीं है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इसे हमेशा Monthly Essential Expenses, यानी हर महीने के जरूरी खर्च के आधार पर तैयार करना चाहिए।
मान लीजिए आपकी सैलरी ₹80,000 है, लेकिन जरूरी खर्च सिर्फ ₹40,000 है। ऐसे में आपका Emergency Fund भी ₹40,000 के खर्च के हिसाब से बनेगा, न कि पूरी सैलरी के आधार पर। इसी तरह अगर आपकी सैलरी ₹1 लाख है और हर महीने घर चलाने के लिए ₹70,000 की जरूरत पड़ती है, तो Emergency Fund भी ₹70,000 के मासिक खर्च को आधार बनाकर तैयार किया जाएगा। यानी आसान शब्दों में समझें तो आपकी Income नहीं, बल्कि आपके Monthly Essential Expenses ही तय करते हैं कि आपके पास कितना Emergency Fund होना चाहिए।


Click it and Unblock the Notifications