नयी दिल्ली। एनसीएलएटी या राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण ने रिलायंस जियो के खिलाफ आयकर विभाग की याचिका खारिज कर दी है। आयकर विभाग की तरफ से दाखिल की गयी याचिका में जियो को अपने फाइबर और टावर कारोबारों को दो विभिन्न इकाइयों में अलग करने के लिए मिली मंजूरी को रद्द करने की मांग की गयी थी। बता दें कि राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण की अहमदाबाद बेंच ने इस वर्ष की शुरुआत में जियो को डिमर्जर की अनुमति दे दी थी, जिससे रिलायंस जियो जियो डिजिटल फाइबर प्राइवेट लिमिटेड और रिलायंस जियो इन्फ्राटेल प्राइवेट लिमिटेड के रूप में अपने कारोबारों को अलग करेगी। आयकर विभाग ने इस फैसले के खिलाफ एनसीएलएटी का रुख किया था। आयकर विभाग ने कहा था कि इस व्यवस्था के जरिये रिलायंस जियो अपने रिडीमेबल प्रीफेरेंस शेयरों को लोन में बदलेगी, जिससे आयकर विभाग को काफी रेवेन्यू का घाटा होगा। मगर एनसीएलटी ने आयकर विभाग की याचिका खारिज कर दी।
क्या कहा एनसीएलएटी ने
आयकर विभाग की याचिका खारिज करते हुए एनसीएलएटी ने कहा कि एनसीएलटी ने पहले ही इस मामले को निपटा लिया है। एनसीएलएटी ने एनसीएलटी के निर्णय को सही बताया और कहा कि वे कंपनी के पुनर्गठन में कोई हस्तक्षेप नहीं करेगा। इस मामले मे रिलायंस जियो ने अपनी दलील में कहा था कि उसके टावर और ऑप्टिक फाइबर कारोबार पहले भी अलग-अलग इकाइयों के रूप में ही स्थापित थे। जियो के अनुसार उस दौरान भी इन संपत्ति और देनदारी अलग-अलग थी।
अप्रैल में जियो ने उठाया था कदम
इसी साल अप्रैल में रिलायंस जियो ने कहा था कि उसने अपने फाइबर और मोबाइल टॉवर इकाइयों का नियंत्रण दो इन्फ्रास्ट्रक्चर निवेश ट्रस्टों को हस्तांतरित कर दिया है और इनका नियंत्रण उन्हीं के हाथ में होगा। इनका ट्रस्टों का गठन रिलायंस इंडस्ट्रियल इंवेस्टमेंट्स एंड होल्डिंग्स द्वारा किया गया है। ऑप्टिकल फाइबर केबल इन्फ्रास्ट्रक्चर यूनिट जियो डिजिटल फाइबर प्राइवेट लिमिटेड ने रिलायंस जियो को 500 करोड़ रुपये के शेयर आवंटित किए हैं। वहीं टावर यूनिट रिलायंस जियो इन्फ्राटेल ने जियो को 200 करोड़ रुपये के शेयर के आवंटित किये हैं।
रिलायंस जियो का नया प्लान
इस बीच आपको बता दें कि रिलायंस जियो एक नया प्लान लेकर आयी है। कंपनी के 365 दिन की वैलिडिटी वाले नये 2020 हैप्पी न्यू ईयर प्लान में 2020 रुपये का रिचार्ज करवाने पर आपको अनलिमिटेड वॉयस कॉल, रोजाना 1.5 जीबी डेटा, 100 एसएमएमस और सभी जियो ऐप्स का मुफ्त इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा। वहीं जियो फोन इस्तेमाल करने वालों की करें तो उन्हें 2020 रुपये के नये प्लान में एक जियो फोन, अनलिमिडेट वॉयस कॉल, रोजाना आधा जीबी डेटा और 100 एसएमएस मिलेंगे।
यह भी पढ़ें - लेना चाहते हैं पर्सनल लोन, पहले जान लीजिए योग्यता


Click it and Unblock the Notifications