नई दिल्ली। ग्लोबल स्तर पर सोना और चांदी के दाम बढ़ने से घरेलू बाजार में भी इनके दाम लगातार दूसरे सप्ताह बढ़े। बीते एक हफ्ते में सोना 500 रुपये बढकर 33,620 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 770 रुपये की बढ़त में 38,350 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंची।

अमेरिकी फेड पर लगी हैं नजर
लंदन एवं न्यूयॉर्क गोल्ड एक्सचेंजों से मिली जानकारी के अनुसार, बीते सप्ताह गोल्ड हाजिर 35.10 डॉलर यानी 2.69 प्रतिशत बढ़कर 1,340.45 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा भी 34.70 डॉलर की बढ़त में हफ्ते के अंत में 1,344.90 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की 18 और 19 जून को होने वाली बैठक में नीतिगत ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद है। इससे निवेशकों का रुझान गोल्ड की तरफ बढ़ा है और इसके दाम में उछाल आया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर भी गत सप्ताह 0.44 डॉलर यानी 2.94 प्रतिशत की बढ़त में 14.98 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
देश के बाजार में दिखा असर
बीते सप्ताह के दौरान देश के बाजार में सोना स्टैंडर्ड 500 रुपये महंगा होकर हफ्ते के अंत में 33,620 रुपये प्रति दस ग्राम के भाव पर बोला गया। यह 2 मार्च के बाद का सबसे ऊपरी स्तर है। सोना बिठूर भी इतनी ही तेजी के साथ शनिवार को 33,450 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली सोने की गिन्नी 26,700 रुपये के भाव पर टिकी रही। चांदी हाजिर बीते सप्ताह 770 रुपये महंगी हुई और 10 मई के बाद के उच्चतम स्तर 38,350 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा भी 965 रुपये चमककर सप्ताहांत पर 37,345 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 80 हजार और 81 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर बने रहे।
यह भी पढ़ें : सरकारें दनादन खरीद रहीं Gold, जानें क्या है डर


Click it and Unblock the Notifications