देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदल सकता है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र तेजी से मजबूत हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, यह मौसमी सिस्टम 24 अक्टूबर को डिप्रेशन, 25 अक्टूबर को गहरे डिप्रेशन और 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंचने की संभावना है। इस सिस्टम के असर से दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और ताकतवर होने की संभावना है। इसके प्रभाव से समुद्र में भी हलचल बढ़ सकती है। ऐसे में मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।
तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में बारिश का अलर्ट-
चक्रवाती सिस्टम का असर दक्षिण भारत में दिखाई देने की आशंका है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 24 से 26 अक्टूबर के दौरान कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे में भी 25 और 26 अक्टूबर को कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है। कर्नाटक के तटीय इलाकों में 24 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी खतरा है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा पर सबसे ज्यादा नजर-
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 27 और 28 अक्टूबर को अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा में 27 से 30 अक्टूबर के बीच बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। राज्य में 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है। तेज हवाओं के कारण जनजीवन और समुद्र से जुड़े कामकाज प्रभावित हो सकते हैं।
बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में भी बदलेगा मौसम-
बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम का असर पूर्वी भारत के अन्य राज्यों में भी पड़ सकता है। बिहार में 29 और 30 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि झारखंड में 28 और 29 अक्टूबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल में भी 28 से 30 अक्टूबर के बीच बारिश का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की भी आशंका है। दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में 24 अक्टूबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखें और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें। खासकर तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को प्रशासन की चेतावनियों का पालन करना चाहिए।
[Disclaimer: यहां व्यक्त किए गए विचार और सुझाव केवल व्यक्तिगत विश्लेषकों या इंस्टीट्यूशंस के अपने हैं। ये विचार या सुझाव Goodreturns.in या ग्रेनियम इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (जिन्हें सामूहिक रूप से 'We' कहा जाता है) के विचारों को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं। हम किसी भी कंटेंट की सटीकता, पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी, समर्थन या ज़िम्मेदारी नहीं लेते हैं, न ही हम कोई निवेश सलाह प्रदान करते हैं या प्रतिभूतियों (सिक्योरिटीज) की खरीद या बिक्री का आग्रह करते हैं। सभी जानकारी केवल सूचनात्मक और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए प्रदान की जाती है और कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले लाइसेंस प्राप्त वित्तीय सलाहकारों से स्वतंत्र रूप से सत्यापित जरूर करें।]


Click it and Unblock the Notifications