नई दिल्ली, जुलाई 13। देश में लोक भविष्य निधि खाता (पीपीएफ) निवेश के लिए काफी प्रचलित है। आमतौर पर लोग यहां पर इनकम टैक्स बचाने के साथ-साथ एक बड़ा फंड तैयार करने के लिए भी निवेश करते हैं। पीपीएफ में सालाना अधिकतम 1.5 लाख रुपये का निवेश यानी हर माह अधिकतम 12500 रुपये का निवेश किया जा सकता है। अगर कोई व्यक्ति पीपीएफ में अधिकतम यानी 12500 रुपये महीने का निवेश करता रहे तो उसके पास 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का फंड तैयार हो जाएगा। लेकिन आमतौर पर लोगों के पास 12500 रुपये महीने में जमा करने के लिए बचता नहीं है। ऐसे में अगर आप 1000 रुपये महीने का भी निवेश करें, तो आपके पास 12 लाख रुपये से ज्यादा का फंड तैयार हो जाएगा। अगर आप भी ऐसा करना चाहते हैं, तो यहां पर पीपीएफ के बारे में पूरी जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा पीपीएफ का एक नियम है, जिसके तहत आप बिना पैसा जमा किए भी ब्याज पा सकते हैं। यह नियम इस खबर के अंत में दिया जा रहा है।
पहले जानें पीपीएफ क्या होता है
पीपीएफ भारत सरकार की एक बचत योजना है। इसे पोस्ट ऑफिस के अलावा बैंकों की विशेष शाखाओं में भी खोला जा सकता है। पीपीएफ में 15 साल के लिए खाता खुलता है, जिसे अगर आप चाहें तो 15 साल के बाद 5-5 साल के लिए आगे बढ़ाते रह सकते हैं। वहीं इस समय पीपीएफ पर 7.1 फीसदी का ब्याज दिया जा रहा है। हालांकि इस ब्याज की हर 3 माह के बाद सरकार समीक्षा करती है, और यह बदल भी सकता है। पीपीएफ खाता न्यूनतम 500 रुपये से खोला जा सकता है। वहीं साल में पीपीएफ में अधिकतम 150000 रुपये जमा किया जा सकता है। यह पैसा एक बार में या कितनी भी बार में जमा किया जा सकता है। पीपीएफ खाता खुलने के बाद हर साल न्यूनतम एक बार में कम से कम 50 रुपये जमा किया जाना जरूरी है। इस जमा पर इनकम टैक्स की धारा 80सी के तहत छूट भी ली जा सकती है।
आइये अब जानते कैसे तैयार हो जाएगा 10 लाख रुपये का फंड
1000 रुपये से पीपीएफ खाता खोलने के बाद उसमें हर माह 1000 रुपये अगर जमा करते रहा जाए, तो यह 30 साल में 12.36 लाख रुपये से ज्यादा हो जाएगा। यहां पर फिर से बताया जा रहा है कि पीपीएफ खाता 15 साल में पूरा हो जाता है, लेकिन 5-5 साल करके कितने भी बार बढ़ाया जा सकता है। ऐसे में आपको 1000 रुपये का निवेश बनाए भी रखना होगा और पीपीएफ खाते को 15 साल के बाद 3 बार आगे भी बढ़ाना होगा। अगर आप ऐसा करते हैं, तो आपके पास 12 लाख रुपये से ज्यादा का फंड तैयार हो जाएगा।
आइये जानते हैं कि अगर पीपीएफ खाता 15 साल के बाद न बढ़ाएं तो कितना फंड तैयार होगा।
1000 रुपये महीना 15 साल में कितना हो जाएगा
पीपीएफ में अगर 1000 रुपये महीने का निवेश लगातार 15 साल तक किया जाए तो यह 3.25 लाख रुपये का फंड तैयार हो जाएगा।
1000 रुपये महीना 20 साल में कितना हो जाएगा
पीपीएफ में अगर 1000 रुपये महीने का निवेश लगातार 20 साल तक किया जाए तो यह 5.32 लाख रुपये का फंड तैयार हो जाएगा।
1000 रुपये महीना 25 साल में कितना हो जाएगा
पीपीएफ में अगर 1000 रुपये महीने का निवेश लगातार 25 साल तक किया जाए तो यह 8.24 लाख रुपये का फंड तैयार हो जाएगा।
पीपीएफ से तीन खास नियम
पीपीएफ एक 15 साल का खाता है। यानी यह खाता जमाकर्ता के निधन के अलावा किसी भी दश में 15 साल से पहले पूर्ण नहीं हो सकता है। यहां पर एक बात याद रखना चाहिए कि कोर्ट भी इस पीपीएफ खाते को सीज नहीं कर सकती है। तो पहला नियम है कि पीपीएफ खाता 15 साल के बाद कैश कराया जा सकता है। वहीं दूसरा नियम है कि 15 साल के बाद इस पीपीएफ खाते को 5 5 साल करके जितने भी समय के लिए बढ़ा सकते हैं। वहीं तीसरा नियम भी है। यह तीसरा नियम है कि अगर आप चाहें तो अपना पीपीएफ 15 साल के बाद आगे बढ़ाते रह सकते हैं, लेकिन आप पैसे जमा न करें। ऐसे में आपके जमा पैसे पर ब्याज और फिर ब्याज के साथ जमा हुए टोटल पैसे पर भी ब्याज मिलता रहेगा।
पीपीएफ खाते को ट्रांसफर भी करा सकते हैं
पीपीएफ खाते को खोला बैंक या पोस्ट आफिस में जा सकता है। लेकिन अगर बाद में आप चाहें तो पीपीएफ खाता पोस्ट ऑफिस से बैंक या बैंक से पोस्ट ऑफिस में ट्रांसफर भी कराया जा सकता है। यही नहीं इसे एक शहर से दूसरे शहर में भी ट्रांसफर कराया जा सकता है।


Click it and Unblock the Notifications