नई दिल्ली, दिसंबर 26। एसआईपी में पैसा लगाना अब लोगों का एक पसंदीदा निवेश विकल्प बन गया है। मगर अक्सर वे सोचते हैं कि उन्हें किस तरह की म्यूचुअल फंड स्कीम में निवेश करना चाहिए? जैसे कि लार्ज-कैप, स्मॉल-कैप या मिड-कैप फंड में? स्मॉल-कैप एसआईपी म्यूचुअल फंड निवेश आम तौर पर अनुभवी निवेशकों द्वारा पसंद किया जाता है, जो नये निवेशकों की तुलना में लंबी अवधि से इक्विटी बाजारों में हैं। इसका कारण यह है कि, वे इक्विटी बाजारों की उठापटक से घबराते नहीं, बल्कि उसके अभ्यस्त हो चुके होते हैं। वे इस दौरान लाभ और हानि के आदी हो चुके होते हैं। उनमें जोखिम लेने की क्षमता अधिक होती है। इसीलिए वे स्मॉल कैप म्यूचुअल फंड स्कीमों में पैसा लगाने से नहीं कतराते। यहां हम उन 3 स्मॉल कैप म्यूचुअल फंड स्कीमों की जानकारी लेकर आए हैं, जिन्होंने निवेशकों को 152 फीसदी तक रिटर्न दिया है।
निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप फंड
निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप फंड एक डायरेक्ट प्लान है। इस फंड की एनएवी 91.30 रुपये (24 दिसंबर तक) है। इस फंड की एसेट अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) 17554.99 करोड़ रुपये है, जबकि एक्सपेंस रेशियो 1.03% है। हमारी लिस्ट में इस फंड की एयूएम सबसे अधिक है। निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप फंड ने पिछले 1 साल में 29.34 फीसदी रिटर्न, पिछले 2 साल में 82.63 रिटर्न, पिछले 3 साल में 96.73 रिटर्न और पिछले 5 साल में 107.25 रिटर्न दिया है। क्रिसिल ने इस फंड को 4 स्टार रेटिंग दी है।
इन कंपिनयों में किया है निवेश
इस फंड की टॉप 5 होल्डिंग्स में दीपक नाइट्राइट लिमिटेड, ट्यूब इन्वेस्टमेंट्स ऑफ इंडिया लिमिटेड, केपीआईटी टेक्नोलॉजीज लिमिटेड, बिड़ला कॉर्पोरेशन लिमिटेड और नवीन फ्लोरीन इंटरनेशनल लिमिटेड शामिल हैं।
कोटक स्मॉल कैप फंड
कोटक स्मॉल कैप फंड भी एक डायरेक्ट प्लान है, जिसने अपनी कैटेगरी में बाकी फंड्स की तुलना में सबसे अच्छा रिटर्न दिया है। इस फंड का एनएवी 183.30 रु (24 दिसंबर तक) है, जबकि 6508.6 करोड़ एयूएम रुपये और एक्सपेंस रेशियो 0.48 फीसदी है। कोटक स्मॉल कैप फंड ने पिछले 1 साल में 27.25 रिटर्न, पिछले 2 साल में 85.33 रिटर्न, पिछले 3 साल में 105.66 रिटर्न और पिछले 5 साल में 119.02 रिटर्न दिया है। क्रिसिल ने इस फंड को 5 स्टार रेटिंग दी है।
टॉप 5 होल्डिंग्स
इस फंड की टॉप 5 होल्डिंग्स में सेंचुरी प्लाईबोर्ड्स इंडिया लिमिटेड, शीला फोम लिमिटेड, कार्बोरंडम यूनिवर्सल लिमिटेड, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स लिमिटेड और सुप्रीम इंडस्ट्रीज लिमिटेड शामिल हैं। एक स्मॉल-कैप एसआईपी के रूप में इस फंड का लार्ज कैप निवेश 1.81%, मिड कैप निवेश 11.38% और स्मॉल कैप निवेश 69.7% है।
क्वांट स्मॉल कैप प्लान
क्वांट स्मॉल कैप एक डायरेक्ट प्लान है। इस फंड का एनएवी 133.97 रु (24 दिसंबर तक) है। इस फंड की 1270.6 करोड़ एयूएम रुपये है, जबकि एक्सपेंस रेशियो 0.5 फीसदी है। क्वांट स्मॉल-कैप प्लान ने पिछले 1 साल में 32.13 फीसदी रिटर्न दिया है, पिछले 2 साल में 118.76 फीसदी रिटर्न दिया है, पिछले 3 साल में 144.34 फीसदी रिटर्न दिया है और पिछले 5 साल में 152.14 फीसदी रिटर्न दिया है। क्रिसिल ने इस फंड को 5 स्टार रेटिंग दी है। कई स्मॉल-कैप कंपनियां अभी डेवलप हो रही हैं, इसलिए इनके पास भविष्य में ग्रोथ हासिल करने की बेहतर क्षमता होगी।


Click it and Unblock the Notifications