बेहतर भविष्य के लिए हर कोई अच्छी रकम सेविंग के रूप में विभिन्न स्कीम में निवेश करते हैं। इसमें निवेश पर जोखिम कम रहता है। ब्याज भी मिलता है।
नई दिल्ली, मार्च 17। बेहतर भविष्य के लिए हर कोई अच्छी रकम सेविंग के रूप में विभिन्न स्कीम में निवेश करते हैं। इसमें निवेश पर जोखिम कम रहता है। ब्याज भी मिलता है। हालांकि, ज्यादा रिटर्न की वजह से बहुत से लोग एफडी कराने के बजाय म्यूचुअल फंड या अन्य जगहों पर निवेश की सलाह देते हैं। लेकिन अगर आप अपने पैसे पर गारंटी के साथ रिटर्न चाहते हैं तो एफडी बेहतर विकल्प है। इसमें न सिर्फ ब्याज मिलता है बल्कि एक साथ कई फायदे होते हैं। एफडी पर लोन या ओवरड्राफ्ट की सुविधा ले सकते हैं। इसमें इंश्योरेंस कवर भी मिलता है। जानिए और क्या-क्या मिलते हैं फायदे।

लोन या ओवरड्राफ्ट की सुविधा
कई सारे बैंक एफडी के आधार पर ओवरड्राफ्ट सुविधा देते हैं। एफडी एक गारंटी जैसा होता है। इसका मतलब है कि अगर आप कर्ज नहीं चुका पाते हैं तो लोन के पैसे आपकी एफडी में जमा राशि से काट लिए जाएंगे। अगर आप एफडी की तुलना किसी और निवेश से करते हैं तो ध्यान रखें कि एफडी पर आपको लोन मिल सकता है।
इंश्योरेंस कवर
अगर आपने किसी बैंक में एफडी कराया है तो उस पर आपको डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन (डीआईसीजीसी) का इंश्योरेंस कवर मिलता है। अगर आपका बैंक डिफॉल्ट कर देता है या दिवालिया हो जाता है तो आपको इस इंश्योरेंस कवर के तहत 5 लाख रुपये तक मिल जाएंगे। इसमें मूलधन और ब्याज दोनों ही शामिल होंगे। इसका मतलब है कि आपको गारंटी जरूर मिलेगी। 5 लाख रुपये तक वापस मिलने की भी गारंटी होगी।
टैक्स के भी फायदे
अगर आप 5 साल या उससे अधिक दिनों के लिए एफडी करते हैं तो उस पर इनकम टैक्स कानून-1961 की धारा 80सी के तहत टैक्स छूट का दावा कर सकते हैं। इसके तहत, साल भर में आप 1.5 लाख रुपये तक पर टैक्स छूट ले सकते हैं। वहीं अगर आप 5 साल से कम की एफडी कराते हैं तो आपको टैक्स चुकाना होगा। अगर किसी साल में तमाम बैंकों से मिला ब्याज 40 हजार रुपये से अधिक होता है तो उस पर भी टैक्स लगेगा।
फ्री लाइफ इंश्योरेंस मिलेगा
कई ऐसे बैंक हैं, जो एफडी कराने पर मुफ्त जीवन बीमा का अतिरिक्त फायदा देते हैं। बैंक ऐसा ऑफर इसलिए देते हैं ताकि वह अधिक-से-अधिक लोगों को एफडी के प्रति आकर्षित कर सकें। इसके तहत वे अपने ग्राहकों को एफडी की रकम के बराबर जीवन बीमा की पेशकश करते हैं। इसमें उम्र की एक सीमा भी तय होती है।
इन बैंकों के एक साल की एफडी का रेट भी जान लें
एसबीआई एफडी दर: स्टेट बैंक एक साल से कम अवधि की एफडी पर 4.40 फीसद का ब्याज देता है। दूसरी ओर सीनियर सिटीजन को 4.90 फीसदी के ब्याज की पेशकश करता है।
एचडीएफसी एफडी दर: प्राइवेट सेक्टर का सबसे बड़ा बैंक भी एसबीआई की तरह एक साल से कम अवधि की एफडी पर 4.40% का ब्याज देता है। यह बैंक भी सीनियर सिटीजन को 0.50% का ब्याज देता है।
ऐक्सिस बैंक: यह भी एक साल से कम की एफडी पर 4.40% की दर से ब्याज देता है।
ये बैंक एफडी पर दे रहे हैं बढ़िया ब्याज
- प्राइवेट सेक्टर के इंडसइंड बैंक और आरबीएल बैंक एक साल की एफडी पर 6 फीसदी का ब्याज देते हैं।
- आईडीएफसी फर्स्ट बैंक एक साल की एफडी पर 5.52% के ब्याज की पेशकश कर रहा है।
- बंधन बैंक भी एक साल की एफडी पर 5.52% का इंटरेस्ट दे रहा है।
- धनलक्ष्मी बैंक एक साल की एफडी पर 5.15 फीसद का ब्याज दे रहा है।


Click it and Unblock the Notifications