Aadhaar Card Update: देश भर के लाखों बच्चों के लिए एक खुशखबरी आई है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने 7 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों के आधार कार्ड में बायोमेट्रिक अपडेट (MBU-1) का चार्ज पूरी तरह से माफ कर दिया है। यह सुविधा 1 अक्टूबर, 2025 से प्रभावी होगी और एक साल तक फ्री रहेगी। इस निर्णय से लगभग 6 करोड़ बच्चों को लाभ होने की उम्मीद है।

UIDAI के इस कदम से बच्चों के लिए स्कूल में प्रवेश, छात्रवृत्ति और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) जैसी सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी। पहले, इन बायोमेट्रिक अपडेट के लिए ₹125 लगते थे, लेकिन अब यह प्रक्रिया पूरी तरह से फ्री है।
यह सुविधा 5-7 और 15-17 वर्ष की आयु के बीच किए गए अपडेट पर लागू होती है। मंत्रालय के अनुसार, 5 वर्ष की आयु से पहले बच्चों के बायोमेट्रिक्स नहीं लिए जाते क्योंकि इस उम्र में उंगलियों के निशान और आंखों की पुतलियों का पूरी तरह से विकास नहीं होता है। हालांकि, जैसे ही बच्चा 5 साल का होता है, उसे अपना पहला बायोमेट्रिक अपडेट (MBU-1) करवाना होगा, और दूसरा (MBU-2) 15 साल की उम्र में अनिवार्य है।
माता-पिता के लिए क्या है सलाह?
UIDAI ने माता-पिता और अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे भविष्य में शैक्षिक या सरकारी प्रक्रियाओं में आने वाली बाधाओं से बचने के लिए अपने बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट जल्द से जल्द करवाएं। यह अपडेट बच्चों की सटीक पहचान सुनिश्चित करता है और भविष्य में आधार-आधारित सेवाओं के उपयोग को सुगम बनाता है।
यह फ्री अपडेट सीमित समय के लिए उपलब्ध है-1 अक्टूबर, 2026 तक। उसके बाद, अगर बायोमेट्रिक अपडेट पूरा नहीं किया जाता है, तो 125 रुपये का मानक शुल्क लिया जाएगा।
पैसों की होगी बचत
सरकार के इस कदम को बच्चों के डिजिटल पहचान अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यूआईडीएआई के इस फैसले से न केवल परिवारों को आर्थिक रूप से बचत होगी, बल्कि बच्चों के लिए शिक्षा, छात्रवृत्ति और सरकारी योजनाओं तक पहुंच भी आसान हो जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications