EPF Employee Provident Fund Full Information In Hindi: एक नौकरीपेशा व्यक्ति हमेशा अपने ईपीएफ (EPF) यानि कि कर्मचारी भविष्य निधि को लेकर सतर्क रहता है। कर्मचारी भविष्य निधि या एंप्लॉयी प्रोविंडेट फंड हर कंपनी में अनिवार्य रुप से लागू होता है। ईपीएफ एक ऐसी योजना है जो आपको एक मुश्त राशि तो देती ही है साथ ही रिटायर होने पर पेंशन का लाभ देती है। वर्तमान में 4 करोड़ से अधिक ईपीएफ खाता धारक देश में हैं। जिनके अकाउंट की देख रेख EPFO के द्वारा की जाती है। यहां हम आपको ईपीएफ जिसे सामान्यत: लोग पीएफ कहते हैं उसके बारे में पूरी जानकारी देने की कोशिश करेंगे साथ ही आपको ये भी बताएंगे कि EPF की राशि का अंशदान कितना होता है।

क्या है EPF
ईपीएफ एक निवेश योजना है जो हर नौकरीपेश कर्मचारी के लिए अनिवार्य है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन सभी ईपीएफ खातधारकों के अंशदान का रखरखाव करता है। ईपीएफ सरकारी और गैर सरकारी सभी कर्मचारियों के लिए अनिवार्य है। नियमों के मुताबिक जिस कंपनी में 20 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं उसका पंजीकरण कर्मचारी भविष्य निधि संगठन में होना अनिवार्य है। ईपीएफ पर जो भी अंशदान कटता है वह सिर्फ और सिर्फ कर्मचारी के लिए होता है इस पर सिर्फ कर्मचारी का ही अधिकार होता है।
कितना कटता है EPF, ईपीएफ अंशदान के बारे में जानकारी
ईपीएफ अंशदान को लेकर भी नियम हैं। किसी भी कर्मचारी के वेतन से 12 प्रतिशत की राशि अंशदान कटता है और इतना ही यानि 12 प्रतिशत कंपनी की तरफ से अंशदान दिया जाता है। अब इसमें से जो 12 प्रतिशत राशि आपके वेतन से कटती है वह ईपीएफ खाते में चली जाती है जबकि कंपनी की तरफ से जो 12 प्रतिशत राशि कटती है उसमें से 3.67 प्रतिशत राशि ईपीएफ खाते में चली जाती है और बाकी की 8.33 प्रतिशत राशि ईपीएस यानि कि कर्मचारी पेंशन स्कीम में चली जाती है। तो कुल मिलाकर आपको 24 प्रतिशत का अंशदान मिलता है जिसमें से एक बड़ा हिस्सा ईपीपीएफ में चला जाता है और बाकी हिस्सा पेंशन के तौर पर रहता है। पेंशन की राशि आप 58 साल की उम्र के बाद निकाल सकते हैं या फिर मासिक पेंशन के रुप में प्राप्त कर सकते हैं।
EPF और EPS में अंतर
यहां हमें ईपीएफ और ईपीएस अंतर समझना जरूरी है। ईपीएफ आपके अंश दान का वह हिस्सा है जो आप नौकरी के दौरान या फिर नौकरी के बाद पूरी तरह से निकाल सकते हैं। जबकि EPS की राशि कर्मचारी की पेंशन होती है। यदि कर्मचारी अपनी नौकरी के 10 वर्ष पूरे कर चुका है तो वह अपने ईपीएफ की राशि तो निकाल सकता है लेकिन पेंशन की राशि नहीं निकाल सकता है। पेंशन की राशि 58 साल की उम्र के बाद ही मिलती है। ये मासिक पेंशन के रुप में रिटायर व्यक्ति को मिलती है।
पीएफ का पैसा कब निकाल सकते हैं
अगर आप अपने पीएफ का पैसा निकालना चाहते हैं तो उसके लिए आपको कुछ शर्तों का पालन करना होगा। पीएफ निकालने के लिए जरूरी शर्तों के बारे में हम आपको यहां बता रहे हैं।
- यदि आपने नौकरी छोड़ दी है और आप 2 महीने से बेरोजगार हैं तो आप पीएफ का पैसा निकाल सकते हैं।
- अगर आप नौकरी के दौरान पीएफ का पैसा निकालना चाहते हैं तो ये तभी संभव है जब आपने अपनी नौकरी के 5 साल पूर कर लिए हैं।
- इसमें भी आप पीएफ की राशि का अधिकतम 90 प्रतिशत ही निकाल सकते हैं।
- नौकरी के दौरान पीएफ का पैसा निकालने के लिए आपको उसका कारण बताना होगा।
- नौकरी के दौरान आप घर खरीदने और शादी के लिए पीएफ का पैसा निकालने सकते हैं।
EPF के लिए आधार जरूरी
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने अपने लगभग 4 करोड़ अंशधारकों के लिये आधार संख्या जमा करने की तारीख बढ़ाकर 30 अप्रैल 2017 कर दी है। इससे पहले ईपीएफओ (EPFO) ने आधार संख्या जमा करने की समयसीमा 31 मार्च 2017 तय की थी।
कर्मचारियों को मिलेगा पीएफ बोनस
पीएफ (PF) के वे अंशधारक जो 20 साल या इससे अधिक समय तक अंशदान करते रहेंगे, उन्हें रिटायरमेंट के वक्त 50000 रुपए अतिरिक्त रकम (जिसे बोनस भी कह सकते हैं) मिलेगा। एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा इस बाबत जानकारी दिए जाने के बाद कहा गया है कि सिफारिशों को सरकार की अनुमति के बाद लागू कर दिया जाएगा। इसे शुरू में दो वर्ष के लिए प्रायोगिक आधार पर शुरू किया जाएगा और बाद में इसकी समीक्षा की जाएगी।
कैसे मिलेगा इसका लाभ
50 हजार रुपए का लाभ 20 साल से कम समय तक खाताधारक बने रहने पर इस अपवाद के तहत मिलेगा यदि अंशधारक आजीवन अक्षमता (विकलांगता) का शिकार हो गया हो। दरअसल सीबीटी ने अपनी बैठक में कर्मचारी जमा से जुड़ी बीमा योजना (ईडीएलआई) को संशोधित करने की सिफारिश की है। यह भी सिफारिश की गई है कि अंशधारक की मृत्यु हो जाने पर 2.5 लाख रुपए का न्यूनतम सम अश्योर्ड (निश्चित रकम) भी मुहैया करवाया जाए।
EPF बैलेंस देखने के लिए UAN रजिस्ट्रेशन कैसे करें
आपके भविष्य निधि खाते यानि PF में कितनी रकम जमा है, इसकी जानकारी के लिए EPFO की वेबसाइट पर लॉग इन करके पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए आपके पास UAN यानी यूनिवर्सल अकाउंट नंबर होना जरूरी है। EPFO ने 2014 में UAN शुरू किया था ताकि इसके जरिए आप अपने खाते की ऑनलाइन जानकारी ले सकें। इस नंबर के जरिए साइट पर रजिस्टर हों, खाते की पासबुक देखें और चाहें तो इसे डाउनलोड भी कर लें। यह भी चेक कर सकते हैं कि आपकी ओर से कितना कंट्रीब्यूशन किया गया।
अपनी डिटेल अपडेट करें
इसके अलावा, आप यहीं से अपना UAN कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं, केवाईसी (नो योर कस्टमर) डीटेल भी अपडेट कर सकते हैं। इस इंटरफेस का इस्तेमाल करने के लिए बेहद जरूरी है कि आपके पास UAN नंबर हो। अपना UAN अकाउंट एक्टिवेट करिए और पोर्टल पर लॉग इन करने के बाद EPF पासबुक डाउनलोड करिए या अन्य जरूरी अपडेशन कर लीजिए।
बिना UAN के भी चेक कर सकते हैं EPF बैलेंस
अगर आपके पास UAN नहीं है तो भी आप अपना EPF चेक कर सकते हैं लेकिन इसके लिए आपको यह पता होना चाहिए कि आपका EPF खाता संख्या क्या है। यह खाता संख्या आपको अपनी पे-स्लिप (सैलरी की रसीद) पर लिखी हुई मिल जाएगी। साइट पर जाकर अपना राज्य चुनें और फिर रीजनल ऑफिस चुनें। ये डीटेल वहां टाइप करने के बाद आपके पास EPF बैलेंस से संबंधित SMS आ जाएगा।
SMS से भी पता कर सकते हैं EPF बैलेंस
अगर आपको ऑनलाइन EPF बैलेंस पता करने में परेशानी हो रही है तो आप SMS के जरिए भी अपना EPF पता कर सकते हैं। EPFO SMS सेवा के जरिए भी आपको आपके भविष्य निधि खाते में मौजूद राशि के बाबत जानकारी देता है। 07738299899 नंबर पर SMS करिए। वैसे यह सुविधा केवल उन्हीं के लिए है जिन्होंने UAN एक्टिवेट करवाया हुआ है।
कैसे भेजें SMS
SMS भेजते समय मेसेज बॉक्स में लिखें EPFOHO UAN,इसके आगे जिस भाषा में जानकारी चाहते हैं उसके पहले तीन अक्षर लिखें, उदाहरण के लिए- EPFOHO UAN ENG लिखकर 07738299899 नंबर पर SMS भेजेंगे तो इंग्लिश में जानकारी आ जाएगी। दरअसल यह सेवा अन्य भारतीय भाषाओं में भी उपलब्ध है।
मोबाइल से एसएमएस करने के लिए मैसेज बॉक्स में जाकर टाइप करें EPFOHO UAN ENG मैसेज टाइप करने के बाद उसे 7738299899 नंबर पर भेज दें। थोड़ी देर में आपके नंबर पर पीएफ बैलेंस से जुड़ी सारी जानारियां आ जाएगी।
अन्य भाषाओं में भी मिलेगी बैलेंस की जानकारी
अगर आप किसी दूसरी भाषा में एसएमएस पाना चाहते हैं तो इसके लिए भाषा बदलने का ऑप्शन भी दिया गया है जैसे,
- English- ENG
- Telugu- TEL
- Punjabi- PUN
- Gujarati- GUJ
- Marathi- MAR
- Malayalam- MAL
- Tamil- TAM
- Kannada- KAN
- Bengali- BEN
मिस्डकॉल के जरिए EPF बैलेंस की जानकारी
EPF जानने के का ये सबसे आसान तरीका है। ना SMS, ना इंटरनेट बस आपको अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से EPFO द्वारा दिए गए नंबर पर मिस्डकॉल करना होगा और आपको आपके EPF बैलेंसे की जानकारी EPFO ने बैलेंस की जानकारी के लिए 01122901406 नंबर जारी किया है जिसपर आपको सिर्फ मिस्डकॉल देना है इसके बाद आपके मोबाइल पर EPF बैलेंस की जानकारी भेज दी जाएगी। आगे पढ़ें EPF बैलेंस चेक करने या निकालने के लिए के लिए UAN केवाईसी कैसे अपडेट करें।
UAN पोर्टल पर लॉगिन करें
सबसे पहले आपको https://unifiedportal-mem.epfindia.gov.in/memberinterface/ इस लिंक पर क्लिक करना होगा। लिंक खुल जाने के बाद आपको दायीं तरफ कुछ खाली बॉक्स दिख रहे होंगे जिसमें UAN और पासवर्ड दर्ज करने के लिए लिखा होगा। अगर आप पहली बार यूएएन पोर्टल पर आ रहे हैं तो आपको पीएफ बैलेंसे जानने के लिए रजिस्ट्रेशन करना होगा। आगे पढ़ें कैसे करें रजिस्ट्रेशन
- https://unifiedportal-mem.epfindia.gov.in/memberinterface/ लिंक खुल जाने पर दायीं तरफ नीचे एक्टिवेट UAN लिखा हुआ है जिस पर आपको क्लिक करना होगा।
- इसके बाद आपको एक नई विंडो मिलेगी जिसमें आपको अपना यूएएन नंबर टाइप करना होगा। इसके अलावा आपको मेंबर आईडी, आधार आईडी या फिर पैन आई आदि नहीं टाइप करनी है। फिर आपको अपना नाम टाइप करना होगा, इसके बाद जन्मतिथि जिसे आप कैलेंडर के जरिए दर्ज कर सकते हैं फिर मोबाइल नंबर और इमेल आईडी। इस पूरी प्रक्रिया के बाद कैप्चे वर्ड्स टाइप करना होगा। कैप्चे वर्ड्स वैसे ही लिखें जैसे कि बॉक्स में लिखे गए हों। फिर आपको ऑथराइजेशन कोड मिलेगा जो कि आपके द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर आएगा।
- आपके मोबाइल पर ऑथराइजेशन कोड आएगा वह ओटीपी होगा, ये ओटीपी पहले से ही निर्धारित बॉक्स में दर्ज होगा आपको सिर्फ ओटीपी की आईडी नीचे के बॉक्स में टाइप करनी होगी। जैसे ही आप सही आईडी टाइप करेंगे आपका यूएन नंबर एक्टिवेट हो जाएगा और इसके बाद आपके मोबाइल नंबर पर एक मैसेज आएगा जिसमें आपके यूएन नंबर का पासवर्ड रहेगा।
- अब आपको फिर से एक बार यूएएन नंबर के होम पेज पर जाना होना जहां आपको दांयी तरफ दिख रहे बॉक्स में यूएएन नंबर के बॉक्स में 10 अंको का UAN नंबर दर्ज करना होगा। फिर आपको पासवर्ड टाइप करना होगा। पासवर्ड आपके मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए पहले ही भेज दिया गया था उसे ही टाइप करें। पासवर्ड जैसा है वैसा ही टाइप करें स्मॉल लेटर्स स्मॉल में और कैपिटल लेटर कैपिटल में। फिर कैप्शे वर्ड टाइप करके लॉगिन करें।
- लॉगिन करने के बाद सबसे पहले अपना पासवर्ड बदलें। क्योंकि दिया गया पासवर्ड बहुत ही जटिल रहता है जिसे याद रखना आसान नहीं है। ऐसे में लॉगिन करने के बाद आपके सामने जो पेज खुलेगा उसके बांयी तरफ अकाउंट सेटिंग का विकल्प दिया गया होगा वहां जाकर आप अपना पासवर्ड बदल सकते हैं।
- पासवर्ड बदलने के बाद आपको दोबारा लॉगिन करना होगा, लॉगिन करने के बाद आप UAN कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं, इसके अलावा व्यू में जाकर पासबुक देख सकते हैं। पासबुक देखने के लिए आपको https://passbook.epfindia.gov.in/MemberPassBook/Login.jsp पर क्लिक करना होगा। आपको बता दें कि आप रजिस्ट्रेशन के तुरंत बाद पासबुक नहीं देख सकते इसके लिए आपको 4 दिन का वक्त लगेगा। इसलिए आप कुछ दिन के बाद पासबुक चेक करें।
UAN KYC अपडेट करें
UAN KYC अपडेट करने के लिए आपको सबसे पहले UAN पोर्टल पर लॉगिन करना होगा। अगर आपने अब तक UAN पोर्टल पर खाता सक्रिय नहीं किया है तो आप ये काम तुरंत कर लीजिए।
लॉगिन करने के बाद आपको UAN पोर्टल पर बायीं तरफ तमाम विकल्प दिखेंगे। जिसमें होम, व्यू, मैनेज, अकाउंट और ऑनलाइन सर्विस का विकल्प दिख रहा होगा। अब आपको मैनेज के विकल्प पर क्लिक करना होगा।
KYC के विकल्प पर क्लिक करने के बाद आपके सामने बैंक, पैन, आधार से जुड़ी तमाम सेवाओं का विवरण भरने का स्थान मिलेगा। अगर आपको बैंक का विवरण भरना है तो बैंक को पहले सलेक्ट करें फिर बैंक अकाउंट नंबर भरें फिर बैंक में दर्ज अपना नाम टाइप करें। इसके बाद बैंक का IFSC कोड टाइप करें। विवरण भरने के बाद सेव पर क्लि कर दें। यहां आपको हम ये बता दें कि जो विवरण आपने दिया है उसे संबंधित विभाग और आपके नियोक्ता (एम्प्लॉयर) द्वारा अप्रूव किया जाएगा।
पोर्टल के जरिए से किस तरह से यूएएन (UAN) प्राप्त करें?
जो सदस्य, यूएएन (UAN) ऑनलाइन प्राप्त करना चाहते हैं वो यूएएन (UAN) की पोर्टल बेवसाइट http://uanmembers.epfoservices.in पर क्लिक करें। इस पोर्टल पर एक्सेस करने के बाद आपको सदस्य पोर्टल पर क्लिक करते हुए ''अपना यूएएन (UAN) चुनें'' पर क्लिक करना होगा, जिससे यूएएन (UAN) जेनरेट होता है। सदस्य पोर्टल पर यूएएन (UAN) जेनरेट करने के लिए यूएएन (UAN), मोबाइल और सदस्य संख्या चाहिए होती है।
नौकरी बदलने पर भी वही यूएएन जारी रहेगा
अगर आप नौकरी बदलते हैं तो आपको सबसे पहला काम ये करना होगा कि आपको अपने अगले नियोक्ता को अपना यूएएन (UAN) बताना चाहिए। अर्थात जिस कंपनी को आप ज्वाइन करने जा रहे हैं उस कंपनी को अपना यूएएन नंबर बताना होगा।
ईपीएफ में निवेश के फायदे
ईपीएफ में निवेश के तमाम फायदे हैं, जिनके बारे में आपको आगे बता रहे हैं।
- ईपीएफ में जमा होने वाला पैसा आयकर की धारा 80 सी के तहत आयकर मुक्त है।
- अगर आप लगातार 5 साल ईपीएफ में अंशदान जमा करते तो फंड से पैसा निकालने पर टैक्स नहीं लगता है।
- 5 साल से पहले पैसा निकालने पर टैक्स लगेगा।
- नौकरी के दौरान फंड से पैसा निकालना चाहते हैं तो इसके लिए फार्म नंबर 19 भरना होगा।
- 55 साल की उम्र या रिटायर होने पर फार्म 19 भरकर पैसा निकाल सकते हैं।
- अगर आप मकान बनवाने के लिए जगह खरीदने जा रहें और ईपीएफ से पैसा निकालने की सोच रहें तो 24 महीने का वेतन (मूल वेतन और महँगाई भत्ता) के बराबर राशि निकाल सकते हैं।
- फ्लैट खरीदने के लिए 36 महीने का वेतन (मूल वेतन और महँगाई भत्ता) के बराबर राशि ही निकाल पाएंगे।
- मकान में विस्तार या रखरखाव के लिए पैसा चाहते हैं तो एक साल के मूल वेतन महंगाई व भत्ता के बराबर पैसा निकाल सकते हैं बशर्ते उस घर में 5 साल से रह रहे हों।
- अगर लोन अदा करने के लिए ईपीएफ से पैसा निकालना चाहते हैं तो आपको 36 महीने के मूल वेतन महंगाई भत्ता के बराबर राशि मिलेगी।
- इलाज के लिए भी पैसा निकाला जा सकता है। अगर अस्पताल में एक महीने से ज्यादा रहें हैं या कोई बड़ी सजर्री, कैंसर, टीवी, लकवा और ह्दय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पैसा चाहिए तो 6 माह के वेतन के बराबर पैसा मिल सकता है। इसमें फार्म 31 भरना होगा।
- खुद की शादी, बहन की शादी, बेटे-बेटी के विवाह में अपने अंशदान का 50 प्रतिशत पैसा निकाल सकते हैं।
- अगर आप अंशदान की राशि बढ़ाने के इच्छुक हैं तो नियोक्ता के जरिए पीएफ कार्यालय को सूचित करें।
- अगर आपने किसी को नामित नहीं किया है तो परिवार के सभी सदस्यों को बराबर-बराबर राशि दी जाएगी। हालांकि आप जब चाहें अपना स्टेटस बदल सकते हैं।
तो इस तरह से यहां हमने आपको EPF के बारे में एक विस्तृत जानकारी देने की कोशिश की है। ईपीएफ एक निवेश प्लान को है ही साथ ही पेंशन और टैक्स में छूट का लाभ देने वाली योजना भी है।
EPF में आगे होने वाले बदलावों की जानकारी भी हम आपको इसी पेज पर देते रहेंगे। ये जानकारी आपको कैसी लगी हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।
More From GoodReturns

Silver Price Today: 8 मार्च को चांदी खरीदने का प्लान है? जानें आज 1 किलो चांदी का भाव क्या है?

Gold Rate Today: 6 मार्च को सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी! जानिए 24K, 22K और 18K गोल्ड रेट

Silver Price Today: शनिवार को बाजार में हड़कंप! फिर चांदी के दाम धड़ाम, जानें 1 किलो चांदी का रेट क्या है?

PNB का बड़ा फैसला! 13 डेबिट कार्ड से ATM कैश निकासी सीमा आधी, जानें किन कार्डधारकों पर पड़ेगा असर

Ladli Behna Yojana 34th Installment: 1500 या 3000 रुपये? जानें कब आएगी 34वीं किस्त और ऐसे करें स्टेटस चेक

Gold Rate Today: सराफा बाजार में सोने के दामों में लगातार कमी, जानें आज कितना सस्ता हुआ 22K और 24K गोल्ड

CM Kisan Samman Yojana: राजस्थान किसानों के लिए अपडेट! कब आएगी 6वीं किस्त, ऐसे चेक करें पेमेंट स्टेटस

Silver Price Today: 6 मार्च को भी चांदी में उतार-चढ़ाव! 30,100 रुपये टूटा भाव, जानिए प्रति किलो चांदी का रेट

Gold Rate Today: 10 मार्च को कई दिनों बाद सोने की कीमतों में फिर आई तेजी, जानिए 24k, 22k 18k गोल्ड रेट

Gold Price Today: मिडिल ईस्ट जंग के बीच सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट! जानिए 24k, 22k, 18k गोल्ड रेट

Silver Price Today: 9 मार्च को चांदी की कीमत में आई गिरावट...35,000 टूटे भाव, जानिए 1 किलो चांदी का भाव



Click it and Unblock the Notifications