नई दिल्ली, फरवरी 9। आप मंथली इनकम प्लान्स म्यूचुअल फंड, जिसे अक्सर रेगुलर सेविंग्स फंड के नाम से भी जाना जाता है, में निवेश करके अपने लिए निरंतर इनकम का एक बढ़िया सोर्स बना सकते हैं। ये म्यूचुअल फंड वास्तव में डेब्ट या हाइब्रिड फंड होते हैं जिनमें मासिक डिविडेंड का भुगतान करने की संभावना होती है। इनमें से अधिकांश फंड आम तौर पर परंपरागत होते हैं, जो केवल 10-20% पैसा इक्विटी में निवेश करते हैं और बाकी 80-90% सुरक्षित डेब्ट सिक्योरिटीज में निवेश करते हैं। हालांकि ये इक्विटी में सीमित एक्सपोजर के कारण तगड़ा रिटर्न नहीं दे सकते हैं, लेकिन वे आम तौर पर निवेशकों को मुद्रास्फीति को मात देने वाली इनकम देने के लिए पर्याप्त होती हैं। यहां हम आपको 2 ऐसे ही फंड्स की जानकारी देंगे, जिन्होंने अच्छा रिटर्न दिया और उन्हें 5 स्टार रेटिंग मिली हुई है।
केनरा रोबेको कंजर्वेटिव हाइब्रिड फंड - डायरेक्ट प्लान
यह 2013 में लॉन्च किया गया केनरा रोबेको म्यूचुअल फंड की एक कंजर्वेटिव हाइब्रिड म्यूचुअल फंड योजना है। यह अपनी कैटेगरी में एक मध्यम आकार का फंड है। 31 दिसंबर 2021 तक फंड की एयूएम (एसेट अंडर मैनेजमेंट) 1,081 करोड़ रुपये है। फंड का एक्सपेंस रेशियो (ईआर) 0.56% है, जो इसकी कैटेगरी के औसत (0.92%) से कम है। पिछले 1 साल में फंड ने 9.47% रिटर्न दिया है। लॉन्च के बाद से इसने 10.22% औसत वार्षिक रिटर्न दिया है।
जानिए सालाना रिटर्न
इसका बीते 5 साल का सालाना एसआईपी रिटर्न 10.97 फीसदी और 3 साल का सालाना रिटर्न 11.57 फीसदी रहा है। इस फंड को वैल्यू रिसर्च से 5 स्टार से रेटिंग मिली है। भारतीय शेयरों में फंड का 23.34% पैसा निवेश है, जिसमें लार्ज-कैप शेयरों में 10.27%, मिड-कैप में 4.97% और स्मॉल-कैप में 1.63% है। सरकारी सिक्योरिटीज में 58.25 प्रतिशत और अत्यंत कम जोखिम वाली सिक्योरिटीज में इसने 13.24 प्रतिशत निवेश किया है।
कोटक डेब्ट हाइब्रिड फंड - डायरेक्ट प्लान
ये कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड की हाइब्रिड म्यूचुअल फंड योजना है। इस फंड की स्थापना 1 जनवरी 2013 को हुई थी। 31 दिसंबर 2021 तक फंड की एयूएम 1,339 करोड़ रुपये थी। फंड का ईआऱ 0.48% है, जो अन्य कंजर्वेटिव हाइब्रिड फंडों की तुलना में कम है। फंड ने पिछले वर्ष में 11.75% रिटर्न दिया है और अपनी स्थापना के बाद से इसने 11.03% का औसत वार्षिक रिटर्न दिया है।
किसके लिए बेस्ट
कोटक डेब्ट हाइब्रिड फंड - डायरेक्ट प्लान में डूबते बाजार में नुकसान को नियंत्रित करने की औसत क्षमता है। योजना का मकसद इक्विटी और इक्विटी से संबंधित सिक्योरिटीज में निवेश करके रिटर्न में वृद्धि करते हुए डेब्ट सिक्योरिटीज में निवेश करके रेगुलर रिटर्न जनरेट करना है। यह निवेश के लिए थोड़ा उच्च जोखिम वाला फंड है। क्योंकि 20 फीसदी से ज्यादा पैसा इक्विटी में है।
कहां कितना निवेश
5 स्टार रेटिंग वाले कोटक डेट हाइब्रिड फंड - डायरेक्ट प्लान का इक्विटी में 24.77% और डेब्ट में 62.52% निवेश है। इक्विटी में फंड के 24.77% में से लार्ज-कैप में 13.4 प्रतिशत, मिड-साइज़ कंपनियों में 1.94% और स्मॉल-कैप इक्विटी में 5.67% निवेश है। इसने सरकारी प्रतिभूतियों में 50.34 प्रतिशत और बेहद कम जोखिम वाली प्रतिभूतियों में 12.18 प्रतिशत निवेश किया है।


Click it and Unblock the Notifications