Aaj Ka Mausam: आज दिल्ली-NCR में फिर बरसात, यूपी-बिहार में भारी बारिश की चेतावनी
Aaj Ka Mausam: नई दिल्ली में कई दिनों की गर्मी के बाद अब बारिश ने दस्तक दी है। पिछले दो दिनों से दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज (24 जुलाई) भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। सावन के इस मौसम में दिल्ली के साथ-साथ देश के कई हिस्सों में भारी बारिश ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। कई इलाकों में नदियों का पानी बढ़ने से सतर्कता बरती जा रही है।

यूपी में गर्मी की मार, कुछ जगह बारिश
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। लखनऊ और आसपास के इलाकों में दिन में तेज गर्मी और उमस का माहौल है। हालांकि, मेरठ, बागपत और झांसी जैसे कुछ जिलों में बारिश ने राहत दी है। मेरठ में 100 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में यूपी में भारी बारिश हो सकती है, लेकिन तब तक गर्मी का असर रहेगा।
यूपी के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में बारिश की उम्मीद
पश्चिमी यूपी में आज कुछ जगहों पर बारिश और बिजली की गड़गड़ाहट के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी यूपी में भी हल्की बारिश की संभावना है। बागपत में 50 मिमी, शाहजहांपुर में 20 मिमी और झांसी में 6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
बिहार में भारी बारिश की चेतावनी
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। किशनगंज, पूर्णिया, अररिया, बेगूसराय, मुंगेर, जमुई, गया, नवादा और भागलपुर जैसे 12 जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा है। अगले 24 घंटों में तापमान में 2 से 4 डिग्री की कमी आ सकती है, लेकिन रात का तापमान स्थिर रहेगा।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों में मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और विदर्भ में भारी बारिश का अनुमान है। 24 से 28 जुलाई तक झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है। 26 से 28 जुलाई के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। पूर्वी मध्य प्रदेश में भी 25 से 28 जुलाई तक बारिश का असर रहेगा।


Click it and Unblock the Notifications