
Uttarakhand news: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 100वें एपिसोड के प्रसारण पर उत्तराखंड में भव्य आयोजन किया गया। राज्यभर में आयोजित कार्यक्रमों सामूहिक रूप से लोगों और स्कूली बच्चों ने मन की बात कार्यक्रम को सुना। इस क्रम में नैनीताल शहर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आधे घंटे तक चले प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।
इस दौरान भारी संख्या में जनता और स्कूली बच्चे भी मौजूद रहे। इस बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि हमेशा ही प्रधानमंत्री ने मन की बात में उत्तराखंड का उल्लेख किया है। इस बार हिमालय के संरक्षण को लेकर वह मन की बात में गंभीर दिखे, जो कि प्रदेश के लिए हर्ष का विषय है।
रविवार को डीएसए मैदान के समीप स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में मन की बात कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का 100वां एपिसोड होने के कारण भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्कूली बच्चे मौजूद रहे। कार्यक्रम से करीब पौने ग्यारह बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आयोजन स्थल पहुंचे।
ठीक 11 बजे पीएम नरेन्द्र मोदी ने मन की बात से देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि विजयादशमी के अवसर पर मन की बात की शुरुआत हुई थी। आज यह कार्यक्रम 100 एपिसोड पूरे कर चुका है। यह महज कार्यक्रम नहीं है, मन की बात लोगों की सकारात्मकता का एक पर्व बन गया है।
उन्होंने कहा कि गुजरात का मुख्यमंत्री होने के दौरान वह लोग और आम जनता के बीच रहकर कार्य करते थे। मगर 2014 में देश की कमान मिलने के बाद उनका संपर्क आम लोगों से कट गया। जिससे उन्हें बेहद ही खालीपन महसूस होता था। मगर मन की बात कार्यक्रम ने इस खालीपन की चुनौती से निकलने का समाधान दिया।

उन्होंने मन की बात को आस्था, पूजा और व्रत बताया। कहा कि यह कार्यक्रम लोगों के लिए एक आध्यात्मिक यात्रा बन गया है। जिसमें देश के दूरस्थ क्षेत्रों में विभिन्न सामाजिक कार्य कर रहे लोगों को दुनिया के सामने लाने का अवसर मिला है। साथ ही लोगों ने कार्यक्रम के माध्यम से अपनी अनूठी पहचान बनाई है।
इस दौरान पीएम ने हरियाणा में सेल्फी विथ डॉटर अभियान में काम कर रहे सुनील जागलान, पेंसिल स्लेट का कार्य कर आत्मनिर्भर बन रहें जम्मू कश्मीर के मंजूर अहमद, लोटस फाइबर से कपड़ों का उत्पादन कर रही मणिपुर की विजय शांति और हीलिंग हिमालया थीम से हिमालय में स्वच्छता अभियान चला रहे प्रदीप सांगवान से संवाद किया।


Click it and Unblock the Notifications