
TCS : टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) राजेश गोपीनाथन ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अन्य रुचि की चीजों पर फोकस करने के लिए टीसीएस का साथ छोड़ दिया है। इसके साथ ही उनका टीसीएस के साथ 22 साल से अधिक का सफर खत्म हो गया है। गोपीनाथन के इस्तीफे बाद के कृतिवासन को आज यानी 16 मार्च से टीसीएस का नया सीईओ नियुक्त किया गया है। बता दें कि गोपीनाथन का इस्तीफा 15 सितंबर 2023 को कारोबारी घंटे पूरे होने के बाद प्रभावी होगा।
अभी क्या संभाल रहे कृतिवासन
कृतिवासन इस समय कंपनी के अध्यक्ष और बैंकिंग, वित्तीय सेवा और बीमा (बीएफएसआई) बिजनेस ग्रुप के ग्लोबल हेड हैं, और कंपनी में 34 से अधिक वर्षों के अनुभवी हैं। 16 मार्च से मनोनीत सीईओ के कृतिवासन ट्रांजिशन फेज से गुजरेंगे और अगले वित्तीय वर्ष में सीईओ के रूप में नियुक्त किए जाएंगे। गोपीनाथन ने एक बयान में कहा कि उन्होंने टीसीएस में अपने 22 साल के रोमांचक कार्यकाल का पूरी तरह से आनंद लिया। उन्होंने कहा कि चंद्रा के साथ मिलकर काम करना खुशी की बात है, जिन्होंने इस पूरी अवधि के दौरान मुझे सलाह दी है। उन्होंने कहा कि वह "आगे क्या करना चाहते हैं" पर "कुछ विचार उनके दिमाग में हैं"।
कृतिवासन को दी बधाई
उन्होंने कहा, "पिछले दो दशकों में कृति के साथ काम करने के बाद, मुझे विश्वास है कि वह लीडरशिप टीम के साथ टीसीएस को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए सबसे अच्छी स्थिति में हैं। उन्होंने आगे कृति के साथ मिलकर काम करने की बात कही ताकि उन्हें वह सारी सहायता मिल सके, जिसकी उन्हें जरूरत है। कृतिवासन टीसीएस इबेरोअमेरिका, टीसीएस आयरलैंड के निदेशक मंडल और टीसीएस टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस एजी के सुपरवाइडरी बोर्ड के सदस्य हैं।


Click it and Unblock the Notifications