नयी दिल्ली। ये एक ऐसा समय है जब घर से काम करने वाले लोग घरेलू ब्रॉडबैंड लाइनों का उपयोग पहले से कहीं अधिक कर रहे हैं। ज्यादातर इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर (आईएसपी) अधिक डेटा, उच्च गति और तेज सर्विस के वादे के साथ लोगों की सहायता कर रही हैं। मगर टाटा स्काई ब्रॉडबैंड ने अलग ही राह चुनी है, जो इसके ग्राहकों के लिए तगड़ा झटका है। खास कर उन लोगों के लिए जो कोरोनावायरस के कारण लगाए गए लॉकडाउन के बीच घर से काम कर रहे हैं। कंपनी ने ब्रॉडबैंड सेवा पर एक लिमिट लगा दी है। यानी अब टाटा स्काई के ब्रॉडबैंड ग्राहकों को अनलिमिटेड फास्ट इंटरनेट नहीं मिलेगा। कंपनी ने फेयर यूसेज प्राइस (FUP) शामिल करने का फैसला किया है, जिससे इसके असीमित प्लान सीमित हो जाएंगे। टाटा स्काई का एफयूपी अब प्रति माह 1500 जीबी डेटा उपयोग रहेगा, जिसके बाद इंटरनेट की गति घटकर 2 एमबीपीएस हो जाएगी। इस वक्त घर से काम करने के लिए लोगों को फास्ट इंटरनेट की जरूरत है। टाटा स्काई का ये कदम ऐसे लोगों के लिए नुकसानदेह है।
टाटा स्काई ब्रॉडबैंड के अपडेट अनलिमिटेड प्लान
हम आपको बताते हैं टाटा स्काई ब्रॉडबैंड के अपडेट किए गए अनलिमिटेड प्लान के बारे में। यहां हम आपको मुंबई में मिलने वाले टाटा स्काई प्लान के उदाहरण से समझाएंगे। यहां टाटा स्काई के तीन क्लासिफाइड अनलिमिटेड प्लान हैं। पहले प्लान की कीमत 900 रुपये है, जो 25 एमबीपीएस तक की स्पीड प्रदान करता है। फिर 1,000 रुपये का प्लान है जो 50 एमबीपीएस की पेशकश करता है और 1100 रुपये के प्लान में आपको 100 एमबीपीएस की स्पीड मिलती है। अब तक ये प्लान सही मायने में अनलिमिटेड थे। मगर अब आप एक महीने में जैसे ही 1500 जीबी डेटा का उपयोग करेंगे तो उस महीने के लिए डेटा स्पीड घट कर 2 एमबीपीएस रह जाएगी।
कॉम्पिटीटर कंपनियों के उलट है ये कदम
टाटा स्काई का कदम अपनी प्रतिद्वंद्वी कंपनियों के एक दम उलट है। क्योंकि बाकी आईएसपी अपने ग्राहकों को बेहतर इंटरनेट देने के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही हैं। मिसाल के तौर पर रिलायंस जियो ने इस महीने की शुरुआत में पुष्टि की थी कि वह अपने ब्रॉडबैंड नेटवर्क की नेटवर्क क्षमता बढ़ा रही है और सभी ग्राहकों को दोहरा डेटा लाभ दे रही है। वहीं एक्सेल ब्रॉडबैंड ग्राहकों के लिए बिल प्लान पर शानदार ऑफर दे रही है, जबकि एसीटी ब्रॉडबैंड ने अपने ग्राहकों को घर से काम करने के दौरान मुफ्त में हाई स्पीड अपडेशन की पेशकश की है। ये सब इसलिए कि लोगों को घरों से काम करने में सहूलियत मिले।
एयरटेल की खास पेशकश
एयरटेल ने भी बार-बार ग्राहकों को आश्वस्त किया है कि उन्हें बिना रुके बेहतर सेवा मिलती रहेगी। यहां तक कि एयरटेल लॉकडाउन में भी ग्राहकों के लिए नए कनेक्शन इंस्टॉल करने का प्रयास कर रही है, जिनमें 1 जीबीपीएस कनेक्शन भी शामिल है। ध्यान रहे हर आईएसपी के पास व्यापार करने के लिए निर्णय होते हैं और ऐसा करने की पूरी आजादी भी होती है। लेकिन इस समय इस कदम से उपयोगकर्ताओं के काम और मनोरंजन पर असर पड़ेगा। इसीलिए टाटा स्काई का यह फैसला थोड़ा हैरान करने वाला है।


Click it and Unblock the Notifications