PhysicsWallah IPO: एडटेक फर्म फिजिक्सवाला का IPO 11 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 13 नवंबर को बंद होगा। इस ऑफर के लिए अब प्राइस बैंड भी तय हो गया है। यूनिकॉर्न स्टार्टअप फिजिक्सवाला के आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 103-109 रुपये प्रति शेयर रखा गया है और लॉट साइज 137 शेयर का है।

IPO का साइज 3480 करोड़ रुपये है जिसमें 3100 करोड़ रुपये के 28.44 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं 380 करोड़ रुपये के 3.49 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल होगा। इसके बाद अलॉटमेंट 14 नवंबर को फाइनल होगा। कंपनी के शेयर BSE, NSE पर 18 नवंबर को लिस्ट हो सकते हैं। कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी लिमिटेड बुक रनिंग लीड मैनेजर है और MUFG इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड इस इश्यू का रजिस्ट्रार है।
फिजिक्सवाला एक यूनिकॉर्न स्टार्टअप (Unicorn Startup) है, यानी कि इसकी वैल्यूएशन 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा है। फिजिक्सवाला के फाउंडर अलख पांडेय और प्रतीक बूब हैं। इस कंपनी में वेस्टब्रिज कैपिटल एलएलपी और हॉर्नबिल कैपिटल पार्टनर्स का भी पैसा लगा हुआ है। फिजिक्स वाला ने मार्च 2025 में कॉन्फिडेंशियल रूट से IPO का ड्राफ्ट जमा किया था। इसे सेबी ने जुलाई में मंजूरी दी थी जिसके बाद कंपनी ने सितंबर 2025 में अपडेटेड ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस जमा किया।
कम से कम 14,933 रुपये में कर सकेंगे निवेश
प्राइस बैंड तय होने के साथ अपर लिमिट के आधार पर अब रिटेल निवेशक न्यूनतम 14,933 रुपये में एक लॉट यानी 137 शेयर के लिए निवेश कर सकते हैं। वहीं, sNII के लिए लॉट साइज़ निवेश 14 लॉट (1,918 शेयर) है, जिसकी न्यूनतम निवेश राशि 2,09,062 है और bNII के लिए 67 लॉट (9,179 शेयर) है, जिसकी न्यनूतम निवेश राशि 10,00,511 रुपये है।
अलख और प्रतीक के पास कितनी हिस्सेदारी
ड्राफ्ट के मुताबिक, दोनों फाउंडर्स के पास वर्तमान में कंपनी में 40.31-40.31 प्रतिशत हिस्सेदारी है। दोनों के पास 105.12-105.12 करोड़ शेयर हैं। IPO के अपर प्राइस बैंड पर दोनों में से हर एक के शेयरों की वैल्यू 11458-11458 करोड़ रुपये होती है। वेस्टब्रिज कैपिटल के पास स्टार्टअप में 6.4 प्रतिशत और हॉर्नबिल कैपिटल के पास 4.41 प्रतिशत हिस्सेदारी है। लाइटस्पीड अपॉर्च्युनिटी फंड के पास 4.66 करोड़ शेयर हैं। सेतु AIF ट्रस्ट के पास 3.64 करोड़ शेयर हैं।
देश में पहला एडटेक स्टार्टअप होगा लिस्ट
ड्राफ्ट पेपर्स के अनुसार, फिजिक्सवाला के वित्त वर्ष 2025 में 44.6 लाख पेड यूजर थे। फिजिक्सवाला भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट होने वाला पहला एडटेक स्टार्टअप होगा। कंपनी के पब्लिक इश्यू में 75 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है।
PhysicsWallah IPO GMP
ग्रे मार्केट को कवर करने वाली अलग-अलग वेबसाइट्स के अनुसार, फिजिक्सवाला आईपीओ का जीएमपी 7 रुपये है। यानी यदि अपर प्राइस बैंड के हिसाब से देखें तो आईपीओ के 116 रुपये पर लिस्ट होने की संभावना है। हालांकि यह एक अनुमान है। ग्रे मार्केट प्रीमियम का वास्तविक लिस्टिंग से कोई संबंध नहीं है।
[Disclaimer: यहां व्यक्त किए गए विचार और सुझाव केवल व्यक्तिगत विश्लेषकों या इंस्टीट्यूशंस के अपने हैं। ये विचार या सुझाव Goodreturns.in या ग्रेनियम इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (जिन्हें सामूहिक रूप से 'We' कहा जाता है) के विचारों को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं। हम किसी भी कंटेंट की सटीकता, पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी, समर्थन या ज़िम्मेदारी नहीं लेते हैं, न ही हम कोई निवेश सलाह प्रदान करते हैं या प्रतिभूतियों (सिक्योरिटीज) की खरीद या बिक्री का आग्रह करते हैं। सभी जानकारी केवल सूचनात्मक और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए प्रदान की जाती है और कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले लाइसेंस प्राप्त वित्तीय सलाहकारों से स्वतंत्र रूप से सत्यापित जरूर करें।]


Click it and Unblock the Notifications