इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी Ola Electric Mobility एक बार फिर फंड जुटाने की तैयारी में है। कंपनी राइट्स इश्यू के जरिए नया पैसा जुटाने पर विचार कर रही है। इसके लिए कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक 28 सितंबर 2026 को होने वाली है। इस बैठक में इक्विटी शेयरों के राइट्स इश्यू के प्रस्ताव पर चर्चा और फैसला किया जाएगा। हालांकि, अभी राइट्स इश्यू की रकम, शेयर का भाव और फंड का इस्तेमाल किन कामों में होगा, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि राइट्स इश्यू के जरिए फंड जुटाने का विकल्प इसलिए देखा जा रहा है, ताकि सभी पात्र शेयरधारकों को इसमें हिस्सा लेने का मौका मिल सके। इसमें रिटेल निवेशक, संस्थागत निवेशक और प्रमोटर ग्रुप शामिल हैं। हालांकि, प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी रेगुलेटरी और वैधानिक मंजूरियां भी जरूरी होंगी।
दरअसल, Ola Electric को पहले इक्विटी आधारित माध्यमों से 1,500 करोड़ रुपये तक जुटाने की मंजूरी मिली थी। इसमें से कंपनी जून 2026 में QIP यानी Qualified Institutional Placement के जरिए करीब 780 करोड़ रुपये जुटा चुकी है। अब कंपनी बाकी फंड जुटाने के लिए राइट्स इश्यू का रास्ता अपना सकती है। फिलहाल यह प्रस्ताव बोर्ड की मंजूरी के इंतजार में है।
राइट्स इश्यू में कंपनी अपने मौजूदा पात्र शेयरधारकों को नए शेयर खरीदने का अधिकार देती है। यानी कंपनी के मौजूदा निवेशकों को उनकी मौजूदा हिस्सेदारी के आधार पर नए शेयर खरीदने का मौका मिल सकता है। हालांकि, राइट्स इश्यू में शेयर खरीदना निवेशक के लिए अनिवार्य नहीं होता। इसके अनुपात, कीमत और दूसरे नियमों की जानकारी कंपनी के बोर्ड के फैसले और आगे की प्रक्रिया के बाद ही साफ होगी।
इस फंड जुटाने में प्रमोटर ग्रुप की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भाविश अग्रवाल की अगुवाई वाला प्रमोटर ग्रुप भी प्रस्तावित राइट्स इश्यू में हिस्सा ले सकता है। प्रमोटर ग्रुप की कंपनी में करीब 32.97 फीसदी हिस्सेदारी है। फंड जुटाने की खबर का असर बुधवार को कंपनी के शेयर पर भी देखने को मिला।
NSE पर Ola Electric का शेयर 10.83 फीसदी की तेजी के साथ 41.87 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान शेयर 42.49 रुपये के हाई तक पहुंचा। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले छह महीनों में शेयर में करीब 77 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। बोर्ड अगर राइट्स इश्यू को मंजूरी देता है, तो इसके बाद इश्यू का आकार, कीमत, अनुपात और फंड के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी सामने आ सकती है। इसलिए Ola Electric के शेयर में आगे की चाल के लिए बोर्ड के फैसले और फंड जुटाने की पूरी शर्तें अहम रहेंगी।
[Disclaimer: यहां व्यक्त किए गए विचार और सुझाव केवल व्यक्तिगत विश्लेषकों या इंस्टीट्यूशंस के अपने हैं। ये विचार या सुझाव Goodreturns.in या ग्रेनियम इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (जिन्हें सामूहिक रूप से 'We' कहा जाता है) के विचारों को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं। हम किसी भी कंटेंट की सटीकता, पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी, समर्थन या ज़िम्मेदारी नहीं लेते हैं, न ही हम कोई निवेश सलाह प्रदान करते हैं या प्रतिभूतियों (सिक्योरिटीज) की खरीद या बिक्री का आग्रह करते हैं। सभी जानकारी केवल सूचनात्मक और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए प्रदान की जाती है और कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले लाइसेंस प्राप्त वित्तीय सलाहकारों से स्वतंत्र रूप से सत्यापित जरूर करें।]


Click it and Unblock the Notifications
