नयी दिल्ली। जब से लॉकडाउन में ढील मिलनी शुरू हुई है तब से कार कंपनियों की सेल्स में काफी सुधार हुआ है। हर महीने कार कंपनियां अपने परफॉर्मेंस में सुधार कर रही हैं। कार कंपनियों के सेल्स आंकड़े लगातार बेहतर हो रहे हैं। इसमें बड़ा योगदान ऑफर और डिस्काउंट का भी है। अक्टूबर में भी हुंडई और मारुति सहित कई वाहन कंपनियों की सेल्स बढ़ी है। हालांकि महिंद्रा एंड महिंद्रा की सेल्स में गिरावट आई है। आइए नजर डालते हैं सभी कंपनियों के अक्टूबर के सेल्स आंकड़ों पर।
मारुति का धमाल
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने अक्टूबर 2019 के मुकाबले अक्टूबर 2020 में 19 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 1.82 लाख से अधिक कारें बेचीं। इसकी घरेलू स्तर पर बिक्री 17.9 फीसदी बढ़ कर 1.24 लाख यूनिट्स रही, जबकि निर्यात 4.7 फीसदी बढ़ कर 9586 यूनिट्स रहा। इसके हल्के कमर्शियल वाहनों की सेल्स में 30.5 फीसदी इजाफा हुआ।
एमजी मोटर इंडिया
एमजी मोटर इंडिया की अक्टूबर में मासिक बिक्री 6% बढ़कर 3,750 यूनिट्स रही। इसने अपनी एसयूवी की रिकॉर्ड 3,625 यूनिट्स बेचीं। जबकि इलेक्ट्रिक वाहन MG SZ SUV की पिछले महीने 125 यूनिट्स बिकीं।
हुंडई ने बना दिया रिकॉर्ड
पिछले महीने हुंडई की कुल सेल्स 8.2 फीसदी बढ़ कर 68,835 यूनिट्स रही, जिसमें घरेलू बिक्री 13.2 फीसदी बढ़ कर 56,605 यूनिट्स रही। कंपनी का निर्यात 10.1 फीसदी गिर कर 12,230 यूनिट्स रह गया। बता दें कि निर्यात गिरने के बीच घरेलू स्तर इसने अब तक किसी महीने में सबसे अधिक कारें बेचने का रिकॉर्ड बनाया है।
एस्कॉर्ट्स
ट्रैक्टर बनाने वाली एस्कॉर्ट्स की कुल सेल्स 2.3 फीसदी बढ़ कर 13664 यूनिट्स रही। इसमें घरेलू बिक्री 1.1 फीसदी बढ़ कर 13,180 यूनिट्स रही, जबकि निर्यात 51.7 फीसदी बढ़ कर 484 यूनिट्स रहा।
महिंद्रा की सेल्स घटी
महिंद्रा की कुल सेल्स 14.5 फीसदी घट कर 44,359 यूनिट्स रह गई। इनमें घरेलू पैसेंजर वाहनों की सेल्स 1 फीसदी अधिक 18,622 यूनिट्स, कमर्शियल वाहनों की सेल्स 23.5 फीसदी गिर कर 23,716 यूनिट्स और एक्सपोर्ट 25 फीसदी घट कर 2021 यूनिट्स रह गया। कंपनी की ट्रैक्टर सेल्स बढ़ी है। महिंद्रा की ट्रेक्टर सेल्स अक्टूबर 2019 के मुकाबले 2 फीसदी बढ़ कर 45588 यूनिट्स रही।
टोयोटा
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने रविवार को घोषणा की कि कंपनी ने अक्टूबर 2020 के महीने में कुल 12,373 इकाइयां बेचीं, जो कि पिछले वर्ष की इसी अवधि में बेची गई 11,866 इकाइयों की तुलना में 4.3% अधिक है।


Click it and Unblock the Notifications