नयी दिल्ली। साल 2020 जाते-जाते भारत के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी को झटका दे गया। उनसे एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति होने का खिताब छिन गया है। चीन के प्राइवेट अरबपति कारोबारी झोंग शानशान (Zhong Shanshan) रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन को पछाड़ कर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। दो कंपनियों की लिस्टिंग के चलते इस साल झोंग शानशान की संपत्ति में जोरदार बढ़ोतरी हुई। इन कंपनियों में वैक्सीन निर्माता बीजिंग वांताई बायोलॉजिकल फार्मेसी और बोल बोतलबंद पानी की फर्म नोंगू स्प्रिंग शामिल हैं। इस साल लिस्ट होने के बाद इन दोनों कंपनियों के शेयरों में क्रमश: 155 फीसदी और 2,000 फीसदी की वृद्धि देखी गई। इससे 66 वर्षीय शानशान की कुल दौलत 70.9 अरब डॉलर से 77.8 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के अनुसार वे दुनिया के 11वें सबसे अमीर व्यक्ति भी बन गए हैं।
जैक मा को भी दी पठखनी
'लोन वुल्फ' के रूप में जाने जाने वाली, झोंग ने एक और चीनी दिग्गज, अलीबाबा के जैक मा को भी पटखनी दे दी। ब्लूमबर्ग के अनुसार झोंग एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बनने का सफर तय करने वाले सबसे तेज ही कारोबारियों में से एक हैं। इस साल तक चीन के बाहर उन्हें बहुत कम जाना जाता था। दूसरी तरफ मुकेश अंबानी गूगल और फेसबुक सहित कुछ प्रमुख टेक दिग्गजों के साथ जबरदस्त डील करने के बावजूद एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति के दर्जे से फिसल गए।
कहां तक पहुंची अंबानी की संपत्ति
जियो प्लेटफॉर्म्स और रिलायंस रिटेल के लिए कई डील होने से मुकेश अंबानी की संपत्ति इस साल काफी बढ़ी है। उनकी कुल दौलत 18.3 अरब डॉलर बढ़ कर 76.9 अरब डॉलर पर पहुंच गई। मगर डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लाने के दबाव के चलते उनकी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर को तगड़ा झटका लगा। अक्टूबर के अंत से अलीबाबा के सह-संस्थापक जैक मा की कुल संपत्ति लगभग 11 बिलियन डॉलर कम हो गई है। असल में चीन ने देश के अन्य तकनीकी दिग्गजों के साथ-साथ इस ई-कॉमर्स दिग्गज की छानबीन बढ़ा दी है।
अंबानी टॉप 10 से बाहर
इस साल की शुरुआत में चौथे स्थान पर पहुंचने के बाद मुकेश अंबानी हाल ही में ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स में ग्यारहवें स्थान पर फिसल गए थे। ब्लूमबर्ग इंडेक्स पर अंबानी की संपत्ति 76.5 अरब डॉलर है, जो कुछ समय पहले 90 अरब डॉलर थी। गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन और ओरेकल कॉरपोरेशन के कार्यकारी अध्यक्ष लैरी एलिसन ने अपना क्रमशः नौवां और दसवां स्थान बरकरार रखा है। इन दोनों की कुल संपत्ति 76.2-76.2 अरब डॉलर है।


Click it and Unblock the Notifications