देश में जारी गर्मी के कहर से जल्द राहत मिलने वाला है. क्योंकि इस साल समय से पहले मानसून आने का अनुमान है. भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने अपने ताजा अनुमान ये जानकारी दी. इसके मुताबिक दक्षिण भारत में मानसून की एंट्री समय से पहले होगी. विभाग ने मानसून की एंट्री की तारीख का भी ऐलान कर दिया है. ऐसे में चिलचिलाती गर्मी और पानी की किल्लत से जल्द राहत मिलने के आसार हैं. बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत केरल से होती है.
समय से पहले एंट्री करेगा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून लगभग हर साल 1 जून केरल में एंट्री करता है, जिसमें करीब 7 दिनों का मानक विचलन देखने को भी मिलता है. IMD की ओर से जारी नए अनुमान के मुताबिक इस बार केरल में मानसून की एंट्री समय से पहले होगी, जो करीब 31 मई के आसपास होगी. हालांकि, इसमें 4 दिन से कम या अधिक का अंतर हो सकता है. फिर इसके आगे बढ़ने से गर्मी से राहत मिलेगी. फिलहाल IMD ने बताया कि 16 मई से उत्तर-पश्चिम भारत और 18 मई से पूर्वी भारत में लू के नए दौर की शुरुआत हो सकती है.

इन राज्यों में चलेगी लू
मौसम विभाग की ओर से जारी अनुमान के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में 16 मई और पूर्वी भारत में 18 मई से लू शुरू हो जाएगी. पश्चिम राजस्थान, पंजाब, दक्षिण हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात के चुनिंदा इलाकों में 16 से 19 मई के दौरान लू चलने का अनुमान है. इसके अलावा 16 से 17 मई के दौरान सौराष्ट्र और कच्छ में, 18 से 19 मई के दौरान दिल्ली, झारखंड, गैंगटिक पश्चिम बंगाल और ओडिशा में लू का कहर रहेगा.
यहां बढ़ेगा गर्मी का पारा
IMD ने कहा है कि असम, मेघालय, त्रिपुरा, सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल और बिहार में 16 मई को तापमान और ह्युमिडिटी बढ़ेगा. उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कई इलाकों में अगले 4 दिनों के दौरान तापमान में करीब 3-4 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है. इस दौरान मध्य-भारत, और गुजरात में तापमान लगभग 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ सकता है.
दक्षिण भारत होगी भारी बारिश
भारत के दक्षिण प्रांत में भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने कहा कि 20 मई तक दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में आंधी, बिजली के साथ भारी बारिश का अनुमान है. तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, कराइकल, केरल, माहे, तटीय और कर्नाटक के कई इलाकों में 19 मई तक भारी बारिश के आसार हैं. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी अलग-अलग एरिया में भी तेज बारिश का अनुमान है. दक्षिण अंडमान सागर, दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ इलाके और निकोबार द्विप के समूह में मानसून के आगे बढ़ने के आसार हैं.


Click it and Unblock the Notifications