Top 10 Companies: सेंसेक्स की टॉप 10 में से आठ कंपनियों के मार्केट कैप यानी बाजार हैसियत में पिछले हफ्ते सामूहिक रूप से 1,29,899.22 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। समीक्षाधीन हफ्ते में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, आईटीसी, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की मार्केट कैप बढ़ी है। वहीं इस दौरान टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और इन्फोसिस की मार्केट कैप कम हुई है।
बीते हफ्ते क्रिसमस के मौके पर सोमवार 25 दिसंबर 2023 को शेयर बाजार बंद रहे थे। कम कारोबारी सत्रों वाले हफ्ते में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,133.3 अंक या 1.59 फीसदी के लाभ में रहा। सेंसेक्स 28 दिसंबर को 72,484.34 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था।

क्या होती है मार्केट कैप
किसी शेयर की मार्केट कैप को निकालने का तरीका काफी आसान है। शेयर बाजार में कंपनी के जितने भी शेयर हैं, उनकी संख्या को एक जगह पर लिखें। इसके बाद शेयर का जो भी रेट हो उससे इस संख्या का गुणा कर दें। अब जो भी संख्या आएगी वह उस कंपनी की मार्केट कैप कहलाएगी।
बीते हफ्ते के दौरान एचडीएफसी बैंक की मार्केट कैप सबसे अधिक 29,828.84 करोड़ रुपये बढ़कर 12,97,972.04 करोड़ रुपये हो गई। वहीं एलआईसी की मार्केट कैप25,426.49 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 5,27,062.06 करोड़ रुपये पर हो गई। इसके अलावा भारती एयरटेल की मार्केट कैप 24,510.96 करोड़ रुपये बढ़कर 5,80,645.54 करोड़ रुपये हो गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर की मार्केट कैप 20,735.14 करोड़ रुपये बढ़कर 6,25,778.39 करोड़ रुपये हो गई।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की मार्केट कैप 13,633.07 करोड़ रुपये बढ़कर 17,48,827.92 करोड़ रुपये हो गई। आईटीसी की मार्केट कैप 9,164.74 करोड़ रुपये बढ़कर 5,76,809.77 करोड़ रुपये हो गई। वहीं एसबीआई की मार्केट कैप 4,730.04 करोड़ रुपये बढ़कर 5,72,915.46 करोड़ रुपये हो गई। इसी दौरान आईसीआईसीआई बैंक की मार्केट कैप 1,869.94 करोड़ रुपये बढ़कर 6,98,965.47 करोड़ रुपये हो गई।
वहीं बीते हफ्ते टॉप 10 कंपनियों में से केवल 2 कंपनी की मार्केट कैप कम हुई। इस कंपनी का नाम है टीसीएस। टीसीएस की मार्केट कैप 11,105.22 करोड़ रुपये घटकर 13,88,591.70 करोड़ रुपये बची। वहीं इन्फोसिस की मार्केट कैप 7,946.24 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 6,40,351.80 करोड़ रुपये पर आ गई।
मार्केट कैप के लिहाज से अब ये हैं देश की टॉप 10 कंपनियां
रिलायंस इंडस्ट्रीज 17.48 लाख करोड़ रुपये
टीसीएस 13.88 लाख करोड़ रुपये
एचडीएफसी बैंक 12.97 लाख करोड़ रुपये
आईसीआईसीआई बैंक 6.98 लाख करोड़ रुपये
इन्फोसिस 6.40 लाख करोड़ रुपये
हिंदुस्तान यूनिलीवर 6.25 लाख करोड़ रुपये
भारती एयरटेल 5.80 लाख करोड़ रुपये
आईटीसी 5.76 लाख करोड़ रुपये
एसबीआई 5.72 लाख करोड़ रुपये
एलआईसी 5.27 लाख करोड़ रुपये
नोट: मार्केट कैप की गणना इन कंपनियों के शुक्रवार को शेयर के बंद रेट के हिसाब से की गई है।
सेंसेक्स और निफ्टी में 2023 में कितनी तेजी दर्ज हुई
पिछले साल यानी 2023 का पहला ट्रेडिंग दिन 2 जनवरी को पड़ा था। उस दिन Share Market की क्लोजिंग तेजी के साथ हुई थी। 2 जनवरी 2023 को सेंसेक्स 327.05 अंक की तेजी के साथ 61167.79 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 92.20 अंक की तेजी के साथ 18197.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। साल के अंतिम ट्रेडिंग डे यानी 29 दिसंबर 2023 को जहां सेंसेक्स करीब 170.12 अंक की गिरावट के साथ 72240.26 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 47.30 अंक की गिरावट के साथ 21731.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ। 2023 ने पूरे साल के दौरान शेयर बाजार ने शानदार रिटर्न दिया है। जहां इस दौरान निफ्टी-50 का रिटर्न 19.46 प्रतिशत का रहा, वहीं सेंसेक्स का रिटर्न करीब 18.17 प्रतिशत का रहा है।


Click it and Unblock the Notifications