नयी दिल्ली। हमारे देश के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न प्राकृतिक समस्याओं की वजह से हर साल किसानों को बहुत ज्यादा नुकसान होता है। कभी बाढ़ की वजह से तो कहीं सूखा पड़ने के चलते किसानों के चूल्हे ठंडे हो जाते हैं। कम बारिश या जरूरत से ज्यादा बारिश भी किसानों की फसलों को बर्बाद कर देती है और उनकी सारी मेहनत भी बेकार हो जाती है। समस्या यह है कि ऐसी स्थिति में किसान आर्थिक तौर पर कमजोर हो जाता है। इसी समस्या को सामने रखते हुए मोदी सरकार ने जनवरी 2016 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की शुरुआत की थी। यह किसानों के लिए उनकी फसल के लिए एक बीमा योजना है। इसका उद्देश्य किसानों पर फसल बीमा प्रीमियम के बोझ को कम करना और पूर्ण बीमित राशि के लिए फसल बीमा दावे का शीघ्र निपटान सुनिश्चित करना है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को खरीफ फसल के लिए 2% प्रीमियम और रबी फसल के लिए 1.5% प्रीमियम का भुगतान करना होता है। यह फसल बीमा योजना कमर्शियल और बागबानी फसल के लिए भी बीमा सुरक्षा देती है। मगर इस मामले में किसानों को 5% प्रीमियम देना होता है। आइये जानते हैं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के 5 बड़े फायदों के बारे में।
किसानों की आय में स्थिरता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काफी बार किसानों की आय दोगुनी करने की बात कह चुके हैं। मगर इसके लिए जरूरी है कि पहले किसानों की आय स्थायी की जाये ताकि वे खेती से जुड़े रहें। प्राकृतिक नुकसान से बचने के लिए और अधिक प्रीमियम के बोझ से दबे बिना यह योजना किसानों की उनकी आय स्थायी करने की सुविधा देती है। खेती को नुकसान होने पर किसानों को बीमा राशि मिलेगी और उनकी आय निरंतर बनी रहेगी। इस योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा अधिसूचित फसल में से किसानों को कीड़े और रोग के कारण नुकसान होने पर बीमा कवर मिलता है।
आधुनिक तरीके से खेती करने के लिए प्रोत्साहन
देश में कई जगह बेहद पुराने तरीकों से खेती की जाती है। क्योंकि नुकसान के चलते किसान आधुनिक तरीकों से बचते हैं। मगर इस योजना का एक उद्देश्य किसानों को कृषि में नये और आधुनिक तरीके से खेती करने के लिए प्रोत्साहित करना है, जिससे फसल उपजाऊ और बेहतर हो। क्योंकि इस योजना से किसानों को नुकसान की स्थिति में आर्थिक सहायता मिलती है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए बैंक में ऑफलाइन तरीके से फॉर्म भरने के साथ ही ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। ऑनलाइन भरने के लिए http://pmfby.gov.in/ पर विजिट करें।
इन बातों का रखें ध्यान
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत आपको कुछ बातों पर ध्यान देने की जरूरत है। जैसे कि बुआई के 10 दिनों के अंदर बीमा योजना का फॉर्म भरना और किसी प्राकृतिक आपदा की वजह फसल खराब होने पर ही बीमा की रकम मिलेगी। इसके अलावा अगर फसल काटने से 14 दिनों के बीच इसे नुकसान हो, तब भी इस योजना का लाभ मिलेगा। हाल ही में केंद्र सरकार ने बेहतर प्रशासन, कई एजेंसियों के बीच सही तालमेल बनाने और योजना से जुड़ी जानकारी का प्रचार करने के लिए एक पोर्टल भी शुरू किया है।
यह भी पढ़ें- मारुति ने पार किया 2 करोड़ पैसेंजर व्हीकल की बिक्री का आंकड़ा


Click it and Unblock the Notifications