नई दिल्ली, अप्रैल 17। भारत के विदेशी मुद्रा भंडार को बीते हफ्ते भी भारी झटका लगा है। यह लगातार कई हफ्ते से तेजी से नीचे जा रहा है। आंकड़ों के हिसाब से यह लगातार पांचवां हफ्ता है, जब विदेशी मुद्रा भंडार में कमी दर्ज हुई है। रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने यह जानकारी अपने लेटेस्ट जारी आंकड़ों में दी है।
विदेशी मुद्रा के मामले में दुनिया के टॉप 5 देश
चीन 3.37 ट्रिलियन डॉलर
जापान 1.38 ट्रिलियन डॉलर
स्विटरलैंड 1.10 ट्रिलियन डॉलर
रूस 609,400 बिलियन डॉलर
भारत 604,004 बिलियन डॉलर
ये हो सकता है कारण
जानकार मान कर चल रहे हैं कि कच्चे तेल के दामों में भारी बढ़ोतरी के चलते डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट को थामने के लिए आरबीआई को करीब 5 बिलियन डॉलर बेचने पड़े थे। इसके चलते विदेशी मुद्रा भंडार घट सकता है। आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक 8 अप्रैल 2022 को समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 2.471 अरब डॉलर घटकर 604.004 अरब डॉलर के स्तर पर आ गया है। वहीं सरकारी तेल कंपनियों को कच्चा तेल खरीदने के लिए भी ज्यादा डॉलर चुकाना पड़ रहा है, यह भी विदेशी मुद्रा भंडार के तेजी से घटने का कारण माना जा रहा है। वहीं बीते 5 हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 28.5 अरब डॉलर घट चुका है।
मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार देश के हित में
जिस देश के पास मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार होता है, उस देश की आर्थिक स्थिति भी अच्छी मानी जाती है। ऐसा इसलिए होता है कि अगर दुनिया में कोई दिक्कत आ जाए तो देश अपनी जरूरत का सामान कई माह तक आसानी से मंगा सकता है। इसीलिए दुनिया के बहुत से देश अपने विदेशी मुद्रा भंडार को काफी मजबूत बना कर रखते हैं। विदेशी मुद्रा भंडार में निर्यात के अलावा विदेशी निवेश से डॉलर या अन्य विदेशी मुद्रा आती है। इसके अलावा भारत लोग जो विदेश में काम करते हैं, उनकी तरफ से भेजी गई विदेशी मुद्रा भी बड़ा स्रोत होती है।
जानिए कितनी तेजी से घटा रहा है विदेशी मुद्रा भंडार
इससे पहले 1 अप्रैल 2022 को खत्म हुए सप्ताह में यह रिकॉर्ड 11.173 अरब डॉलर घटकर 606.475 अरब डॉलर रह गया था। 25 मार्च, 2022 को खत्म हुए सप्ताह में यह 2.03 अरब डॉलर घटकर 617.648 अरब डॉलर रह गया था। रिजर्व बैंक के मुताबिक, 18 मार्च, 2022 को खत्म हुए सप्ताह में यह 2.597 अरब डॉलर घटकर 619.678 अरब डॉलर रह गया था। इससे पहले 11 मार्च को खत्म हुए सप्ताह में यह 9.646 अरब डॉलर घटकर 622.275 अरब डॉलर रह गया था।
ये हैं आरबीआई के आंकड़े
आरबीआई की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 8 अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में यह गिरावट मुख्य रूप से फॉरेन करेंसी एसेट यानी एफसीए में आई कमी की वजह से हुई जो कुल मुद्रा भंडार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। रिजर्व बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन हफ्ते में भारत की एफसीए 10.7 अरब डॉलर घटकर 539.727 अरब डॉलर हो गई। डॉलर में बताई जाने वाली एफसीए में विदेशी मुद्रा भंडार में रखी यूरो, पाउंड और येन जैसी दूसरी विदेशी मुद्राओं के मूल्य में वृद्धि या कमी का प्रभाव भी शामिल होता है।


Click it and Unblock the Notifications