
ICICI Videocon Loan Case : आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व सीईओ चंदा कोचर और उनके पति दीपक कोचर को गिरफ्तार किए जाने के कुछ दिनों बाद, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आज 26 दिसंबर को वीडियोकॉन ग्रुप के प्रमोटर वेणुगोपाल धूत को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें 3250 करोड़ रुपये के लोन में कथित अनियमितताओं के लिए गिरफ्तार किया गया है। ये लोन वीडियोकॉन को 2012 में आईसीआईसीआई बैंक से मिला था। धूत को आज तड़के मुंबई से गिरफ्तार किया गया।
क्या है मामला
धूत की गिरफ्तारी सीबीआई द्वारा 3,250 करोड़ रुपये के वीडियोकॉन लोन घोटाले के सिलसिले में चंदा कोचर और उनके पति दीपक कोचर को गिरफ्तार किए जाने के कुछ दिनों बाद हुई है। सीबीआई ने 2009 और 2011 के बीच वीडियोकॉन ग्रुप को बैंक द्वारा मंजूर किए गए लोन में धोखाधड़ी और अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उस समय कोचर बैंक का नेतृत्व कर रही थीं। वर्षों की लंबी जांच के बाद मामले में यह गिरफ्तारी अहम मानी जा रही है। इससे पहले बैंक ने फॉर्मर एग्जेक्यूटिव रिटायरमेंट बेनेफिट्स से इनकार करते हुए कोचर को सीईओ के पद से टर्मिनेट कर दिया था।
किस-किस पर हुई एफआईआर
सीबीआई ने चंदा कोचर, उनके पति और वीडियोकॉन ग्रुप के वेणुगोपाल धूत के साथ-साथ नूपावर रिन्यूएबल्स, सुप्रीम एनर्जी, वीडियोकॉन इंटरनेशनल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज लिमिटेड को आपराधिक साजिश से संबंधित भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आईपीसी की धाराओं के तहत दर्ज एफआईआर में आरोपी के रूप में दर्ज किया है। 2019 में, सीबीआई ने आईसीआईसीआई बैंक से 1,730 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के लिए कोचर, धूत और नुपावर रिन्युएबल्स और वीडियोकॉम इंडस्ट्रीज सहित फर्मों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
20 बैंकों से हासिल किया लोन
सीबीआई ने कहा कि यह लोन 40,000 करोड़ रुपये के पूरे लोन का हिस्सा था, जिसे वीडियोकॉन समूह ने एसबीआई के नेतृत्व वाले 20 बैंकों के समूह से हासिल किया था। 3,250 करोड़ रुपये में करीब 86 प्रतिशत (2,810 करोड़ रुपये) का भुगतान नहीं किया गया। वीडियोकॉन खाते को 2017 में एनपीए घोषित किया गया था। सीबीआई के अनुसार, 26 अगस्त, 2009 को आईसीआईसीआई बैंक की स्वीकृति समिति, जिसमें चंदा कोचर शामिल थीं, ने वीआईईएल को "नियमों और नीति के विपरीत" 300 करोड़ रुपये का लोन पास किया था।


Click it and Unblock the Notifications