Gold Rate Today: सराफा बाजार में सोने की कीमतों में पिछले कुछ दिनों से उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आज सराफा बाजार में सोने की कीमतों में कोई भी बदलाव नहीं हुआ है। अमेरिकी इकोनॉमिक डेटा के आने से पहले निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही ईरान और इजराइल के बीच सीजफायर होने से भी गोल्ड जोकि सुरक्षित निवेश (सेफ-हेवन) है इसकी मांग पर असर पड़ा है। आज सराफा बाजार में सोने की कीमत और चांदी का भाव कितना है, ये खरीदारी से पहले चेक कर लीजिए।

24K गोल्ड रेट सोने की कीमत हुई इतनी
सराफा बाजार में 24K प्रति 10 ग्राम गोल्ड रेट 99,100 रुपये पर है। 25 जून को भी सोने की यही कीमत थी। इसके अलावा 24 कैरेट प्रति 100 ग्राम सोने का दाम 9,91,000 रुपये पर है। एक दिन पहले भी 24 कैरेट 100 ग्राम सोने की कीमत इतनी थी।
सराफा बाजार में 22 कैरेट सोने का दाम हुआ इतना
22 कैरेट सोने का भाव सराफा बाजार में 90,850 रुपये पर है। एक दिन पहले भी देशभर में यही दाम था। वहीं, 22 कैरेट प्रति 100 ग्राम सोने का दाम आज गुरुवार को 9,08,500 रुपये पर है और एक दिन पहले भी यही कीमत थी।
18 कैरेट सोने का दाम है इतना
18 कैरेट प्रति 10 ग्राम गोल्ड रेट 74,340 रुपये पर है। बुधवार को भी यही कीमत थी और 18 कैरेट प्रति 100 ग्राम सोने का दाम 7,43,400 रुपये पर है। एक दिन पहले भी यही कीमत थी।
सोने की कीमतों में आज क्यों नहीं हुआ बदलाव?
निर्मल बांग की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को सोने की कीमतों में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया, क्योंकि निवेशक इस बात पर नजर बनाए हुए हैं कि इजराइल-ईरान तनाव दोबारा युद्ध में न बदल जाए। इसके साथ ही बाजार में अमेरिकी केंद्रीय बैंक (फेडरल रिजर्व) की ब्याज दरों में कटौती को लेकर भी निवेशक संकेतों का इंतजार कर रहे हैं।
फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने कहा कि फिलहाल ब्याज दरें कम करने की कोई जल्दी नहीं है। अधिकारी ट्रंप की टैरिफ नीति (आयात शुल्क) का अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर क्या असर पड़ रहा है, यह साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच, एशियाई बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान सोना करीब 3,335 डॉलर प्रति औंस के आसपास रहा। बुधवार को सोना मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगले हफ्ते अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों के बीच बैठक होगी और इजराइल तथा ईरान के बीच का तनाव अब लगभग खत्म हो गया है। हालांकि, उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि लड़ाई कभी भी फिर से शुरू हो सकती है।
जेरोम पॉवेल ने यह भी कहा कि फेड अभी तक यह समझने की कोशिश कर रहा है कि ट्रंप की टैरिफ नीति का असर आम लोगों की जेब पर कैसे पड़ रहा है। अगर महंगाई में तेजी नहीं आती है तो फेड भविष्य में ब्याज दरों में कटौती कर सकता है, जिससे सोने को फायदा मिलेगा, क्योंकि सोने पर ब्याज नहीं मिलता।
इस बीच, रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप फेड की धीमी दर-कटौती नीति से नाराज हैं और सितंबर या अक्टूबर तक पॉवेल को हटाकर किसी और को नियुक्त करने पर विचार कर सकते हैं।
गौरतलब है कि इस साल सोने में अब तक 25% तक की तेजी देखने को मिली है, लेकिन बीते कुछ महीनों में सोने की यह रफ्तार धीमी पड़ी है। ट्रेड वॉर में नरमी और ऊंचे दामों पर निवेशकों की सतर्कता इसकी वजह रही है। हालांकि, दुनिया भर के सेंट्रल बैंकों द्वारा सोने की खरीदारी और ब्याज दर में कटौती की उम्मीदों ने सोने को सपोर्ट दिया है। फिलहाल सोने की कीमतें अप्रैल में बने रिकॉर्ड स्तर से करीब 160 डॉलर नीचे हैं।
सराफा बाजार में चांदी की कीमत
गुरुवार को सराफा बाजार में चांदी की कीमत नहीं बदली है। जबिक बुधवार को चांदी के रेट में गिरावट देखने को मिली थी। आज 10 ग्राम चांदी का भाव 1080 रुपये पर है। इसके अलावा 100 ग्राम चांदी का दाम 10,800 रुपये पर था और 1 किलोग्राम चांदी का रेट 1,08,000 रुपये पर आ गया है।


Click it and Unblock the Notifications