नई दिल्ली, मई 22। जब से कोरोना संकट शुरू हुआ है, तब से दो सेक्टरों को बहुत फायदा हुआ है। ये सेक्टर हैं फार्मा और हेल्थकेयर। जो कंपनियां दवा बनाती हैं या हेल्थकेयर फैसिलिटी देती हैं, उनका कारोबार काफी बढ़ा। जब कारोबार बढ़ा तो शेयर की कीमत भी बढ़ी। इसके नतीजे में इन सेक्टरों की कंपनियों के निवेशकों ने भी खूब पैसा बनाया। फार्मा सेक्टर में तो ऐसी-ऐसी कंपनियां हैं, जिन्होंने 6 महीने में ही 80-90 फीसदी से अधिक रिटर्न दिया। यहां हम एक ऐसी ही कंपनी के बारे में विस्तार से जानेंगे, जिसका शेयर पिछले साल नवंबर में शेयर बाजार में लिस्ट हुआ था और अब तक सिर्फ 6 महीनों की अवधि में इसने निवेशकों को मालामाल कर दिया।
ग्लैंड फार्मा
यहां हम बात करने जा रहे हैं ग्लैंड फार्मा की। ग्लैंड फार्मा लिमिटेड आज की तारीख में भारत की सर्वश्रेष्ठ फार्मा कंपनियों में से एक है। इसकी स्थापना 1978 में हैदराबाद में की गयी थी। ग्लैंड फार्मा ने बीते कुछ वर्षों में स्मॉल वॉल्यूम वाली लिक्विड पैरेंटेरल प्रोडक्ट्स के एक कॉन्ट्रैक्ट निर्माता से सबसे तेजी से बढ़ती इंजेक्शन-केंद्रित कंपनियों में से एक बनने तक का सफर तय किया है। आज भारत के बाहर जिन देशों में इसका कारोबार फैला है, उनमें अमेरिका, यूरोप, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और अन्य कई देश शामिल हैं।
पिछले साल हुआ था लिस्ट
ग्लैंड फार्मा का शेयर पिछले साल आईपीओ के बाद नवंबर में एनएसई पर 1710 रु पर लिस्ट हुआ था। जबकि बीते शुक्रवार को यह शेयर एनएसई पर 3189 रु पर बंद हुआ। यानी लिस्ट होने से लेकर अब तक यह 86.5 फीसदी ऊपर चढ़ चुका है। इसका मतलब है कि बीते करीब 6 महीनों में इस कंपनी के शेयर ने 86.5 फीसदी मुनाफा दिया है।
2 लाख रु के 3.73 लाख रु
अगर किसी निवेशक ने लिस्टिंग के समय ग्लैंड फार्मा के 2 लाख रु के शेयर खरीदे होंगे, तो 86.5 फीसदी रिटर्न की बदौलत उसकी निवेश राशि आज की तारीख में 3.73 लाख रु हो गयी होगी। उस निवेशक को 2 लाख रु पर सीधे-सीधे 1.73 लाख रु का फायदा हुआ। बता दें कि कोरोना संकट अभी खत्म नहीं हुआ है। इसलिए फार्मा सेक्टर आगे भी अच्छा प्रदर्शन कर सकता है।
तीन महीनों में कितना मुनाफा कराया
ग्लैंड फार्मा का शेयर इस समय 3189 रु पर है। तीन महीने पहले ये शेयर 2389.55 रु पर था। यानी इस शेयर की कीमत 1000 रु बढ़ी है। इस शेयर ने निवेशकों को तीन महीनों में प्रति शेयर 1000 रु की कमाई कराई है। प्रतिशत में देखें तो तीन महीनों में निवेशकों को प्रति शेयर करीब 33.5 का रिटर्न दिया है। अगर किसी निवेशक के पास कंपनी के 2 लाख रु के शेयर हो तो उसकी निवेश राशि 2.67 लाख रु हो गयी होगी।
अभी भी कमाई का मौका
इस समय ग्लैंड फार्मा का शेयर 3189 रु पर है। मगर यह मौजूदा रेट से करीब 100 रु और ऊपर चढ़ सकता है। इस शेयर के लिए 3280 रु का टार्गेट रखा गया है। एक ब्रोकिंग फर्म ने यह टार्गेट तय किया है। मगर ध्यान रहे कि ग्लैंड फार्मा हो या कोई और कंपनी शेयर बाजार में जोखिम को ध्यान में रखना जरूरी है।


Click it and Unblock the Notifications