IPO News: अयोध्या के राम मंदिर में भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के चलते आज शेयर बाजार बंद हैं। ऐसे में शेयर बाजार से जुड़ी सभी गतिविधियां आज ठप हैं। इसके चलते लिस्ट होने वाले आईपीओ अन्य आईपीओ पर इसका असर पड़ा है। जहां आज लिस्ट होने वाले आईपीओ की लिस्टिंग टल गई है, वहीं अन्य के बंद होने का समय बढ़ा दिया गया है।
राम मंदिर से जुड़े कार्यक्रम के चलते आज जहां केंद्र सरकार ने आधे दिन की छुट्टी घोषित की है, वहीं महाराष्ट्र सरकार ने 22 जनवरी को छुट्टी की घोषणा कर दी है। ऐसे में बीएसई और एनएसई में कामकाज नहीं हो रहा है।

शेयर बाजार में आज यानी 22 जनवरी 2024 को बीएसई और एनएसई में मेडी असिस्ट हेल्थकेयर का आईपीओ लिस्ट होना था। इस मेनबोर्ड आईपीओ के लिए पिछले सप्ताह 15 से 17 जनवरी 2024 तक निवेशकों ने बोली लगाई थी। इस आईपीओ में सफल रहने वाले निवेशकों को बीते शुक्रवार को ही अलॉटमेंट कर दिया गया है। 1,172 करोड़ रुपये का यह आईपीओ 16.25 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।
इसी के साथ आज एनएसई के एसएमई बोर्ड पर मैक्सपोजर आइ्रपीओ की लिस्टिंग होनी थी। इसके लिए भी निवेशको ने बीते 15 से 17 जनवरी 2024 तक बोली लगाई थी। इन दोनों आईपीओ की लिस्टिंग अब 23 जनवरी 2024 को होगी।
वहीं नोवा एग्रीटेक आईपीओ, जो पहले 22 से 24 जनवरी तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला था, को एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। अब इस कंपनी के लिए बोली 23 जनवरी से लेकर 25 जनवरी तक खुली रहेगी। इसकी लिस्टिंग को 31 जनवरी तक के लिए टाल दी गई है।
इसके अलावा 640 करोड़ रुपये का ईपैक ड्यूरेबल आईपीओ अब 23 जनवरी 2024 की जगह 24 जनवरी 2024 को बंद होगा। जबकि इसके शेयर पहले तय की गई 29 तारीख के बजाय 30 जनवरी 2024 को लिस्ट होंगे।
इसके अलावा छोटे और मध्यम उद्यम (एसएमई) सेगमेंट में, क्वालिटेक लैब्स में पहले बोली लगाने की अंतिम तिथि 22 जनवरी 2024 तक थी। लेकिन अब निवेशक इसमें कल तक यानी 23 जनवरी तक बोली लगा सकेंगे। ब्रिस्क टेक्नोविजन आईपीओ अब 23 जनवरी को खुलेगा और 25 जनवरी को बंद होगा, जबकि पहले का शेड्यूल 22 जनवरी से लेकर 24 जनवरी, 2024 खुला रहने वाला था। इसलिए, लिस्टिंग की तारीख 30 जनवरी के बजाय 31 जनवरी को रिशेड्यूल की गई है।
आज की छुट्टी होने के चलते यह सप्ताह सबसे कम कारोबार सत्र हो हो गया है। शुक्रवार 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर भी शेयर बाजार बंद रहेंगे। एनएसई ने एक सर्कुलर में कहा कि करेंसी, फ्यूचर एंड ऑप्शन सेगमेंट में ट्रेडिंग 22 जनवरी 2024 को बंद रहेगी। एनएसई और बीएसई ने शनिवार को सामान्य कारोबारी सत्र आयोजित हुआ था।
वहीं बीते हफ्ते सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में से 5 कंपनियों की सामूहिक रूप से मार्केट कैप 1,67,936.21 करोड़ की गिरावट आई है। इसमें सबसे ज्यादा नुकसान एचडीएफसी बैंक ने कराया है। वहीं बीते सप्ताह सेंसेक्स 1,144.8 अंक 1.57 फीसदी नीचे आया।
सप्ताह के दौरान एचडीएफसी बैंक की मार्केट कैप 1,22,163.07 करोड़ रुपये घटकर 11,22,662.76 करोड़ रुपये बची है। एचडीएफसी बैंक का शेयर करीब 12 फीसदी टूट गया है। एचडीएफसी बैंक के दिसंबर तिमाही के नतीजे बाजार उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहे हैं, जिस कारण इस शेयर को भारी झटका लगा है।
समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज की मार्केट कैप 18,199.35 करोड़ रुपये गिरकर 18,35,665.82 करोड़ रुपये बची है। वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर की मार्केट कैप 17,845.15 करोड़ रुपये घटकर 5,80,184.57 करोड़ रुपये बची है। इसके अलावा टीसीएस की मार्केट कैप 7,720.6 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 14,12,613.37 करोड़ रुपये बची है। वहीं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की मार्केट कैप 2,008.04 करोड़ रुपये घटकर 5,63,589.24 करोड़ रुपये बची है।
इसके अलावा एलआईसी की मार्केट कैप 67,456.1 करोड़ रुपये बढ़कर 5,92,019.78 करोड़ रुपये हो गई है। एलआईसी मार्केट कैप के हिसाब से एसबीआई को पीछे छोड़कर देश की सबसे मूल्यवान सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी बन गई। भारती एयरटेल की मार्केट कैप 26,380.94 करोड़ रुपये बढ़कर 6,31,679.96 करोड़ रुपये हो गई है।
इन्फोसिस की मार्केट कैप 15,170.75 करोड़ रुपये बढ़कर 6,84,305.90 करोड़ रुपये हो गई है। आईसीआईसीआई बैंक की मार्केट कैप 3,163.72 करोड़ रुपये उछाल के साथ 7,07,373.79 करोड़ रुपये हो गई है। आईटीसी की मार्केट कैप 2,058.48 करोड़ रुपये बढ़कर 5,84,170.38 करोड़ रुपये हो गई है।
मार्केट कैप के लिहाज से देश की टॉप 10 कंपनियां
- रिलायंस: 18.35 लाख करोड़ रुपये
- टीसीएस: 14.12 लाख करोड़ रुपये
- एचडीएफसी बैंक: 11.22 लाख करोड़ रुपये
- आईसीआईसीआई बैंक: 7.07 लाख करोड़ रुपये
- इन्फोसिस: 6.84 लाख करोड़ रुपये
- भारती एयरटेल: 6.31 लाख करोड़ रुपये
- एलआईसी: 5.92 लाख करोड़ रुपये
- आईटीसी: 5.84 लाख करोड़ रुपये
- हिंदुस्तान यूनिलीवर: 5.80 लाख करोड़ रुपये
- एसबीआई: 5.63 लाख करोड़ रुपये


Click it and Unblock the Notifications