Delhi Weather Update Today: दिल्लीवाले काफी समय से भारी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। अगर आप भी दिल्ली में रहते हैं तो जल्द ही आपको बड़ी खुशखबरी मिलने वाली है। आईएमडी ने एक बड़ी अपडेट दे दी है। मौसम विभाग ने तो आने वाले चार-पांच दिनों के लिए देशभर में बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। चलिए जानते हैं कि आज दिल्ली में मौसम कैसा रहने वाला है और मौसम विभाग ने बारिश से जुड़ी क्या बड़ी अपडेट दी है।

दिल्ली में आज बारिश का अनुमान
आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर हल्की बारिश देखने को भी मिल सकती हैं। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार भी आज दिल्ली के कुछ इलाकों में रिमझिम बारिश हो सकती है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने की संभावना है।
अगले पांच दिन दिल्ली का मौसम होगा सुहावना
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक दिल्ली में बारिश का अनुमान जताया है। अगर मौसम विभाग का ये पूर्वानुमान सच साबित हुआ तो दिल्ली से उमस छूमंतर हो जाएगी। अन्य राज्यों की बात करें तो अगले तीन से चार दिनों में बिहार में मानसून कमजोर होने की संभावना है।
12 जुलाई को दिल्ली में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 जुलाई को तापमान में गिरावट के साथ-साथ अच्छी, भारी बारिश की संभावना भी है। मुंबई भी येलो अलर्ट पर है।
कल हुई दिल्ली में भारी बारिश
मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हुई और राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में आने वाले नोएडा और गाजियाबाद में भी भारी बारिश हुई।आईएमडी ने अगले पांच दिनों में और अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है।
15 जुलाई तक ऐसा रहने वाला है देशभर में मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 15 जुलाई तक पूरे भारत में बारिश की संभावना पहले से ही थी। अब आईएमडी ने उन राज्यों के नाम जारी कर दिए हैं, जहां अगले पांच दिनों में भारी बारिश हो सकती है। हिमालय के पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भारी बारिश की संभावना है, जबकि उत्तराखंड, मध्य भारत, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में हल्की बारिश होने की संभावना है।
दक्षिण भारत में ऐसा रहेगा मौसम
दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में अगले पांच दिनों तक गरज और चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है। बेंगलुरु में आज बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने का अनुमान है।


Click it and Unblock the Notifications