Delhi Weather Today: पूरे भारत में मौसम में अहम बदलाव देखने को मिल रहे हैं, दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में शीत लहर चल रही है. कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है. साथ ही पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है. जहां उत्तरी राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं मौसम विभाग ने कुछ दक्षिणी राज्यों में बारिश का अनुमान जता रही हैं.
दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में आज शुक्रवार को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. कल सुबह इस क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा, जिसके चलते मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के मुताबिक कल भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे कुछ इलाकों में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम हो सकती है. 21 दिसंबर के बाद ठंड बढ़ने की आशंका है.
पंजाब और हरियाणा के लिए मौसम पूर्वानुमान
पंजाब और हरियाणा में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है. गुरुवार को फरीदकोट में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बठिंडा में भी 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ कड़ाके की ठंड रही. पठानकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.6 और 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आईएमडी का अनुमान है कि आज 20 दिसंबर को पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे रहेगा और घना कोहरा छाया रहेगा.
दक्षिणी भारत में बारिश का अनुमान
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य भाग पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो 12 घंटों के भीतर उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र तट की ओर बढ़ सकता है. आज पूर्वोत्तर भारत, खासकर ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड में छिटपुट बारिश हो सकती है.
साथ ही दक्षिण-पश्चिम भारत में भी छिटपुट बारिश हो सकती है, खासकर तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और केरल में अच्छी बारिश का अनुमान है. इसके अलावा लक्षद्वीप में भी बारिश की उम्मीद है. तटीय आंध्र प्रदेश में 20 दिसंबर को भारी बारिश की संभावना है।


Click it and Unblock the Notifications