Traffic Challan: अब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों की खैर नहीं, क्योंकि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक नया ऐप, 'ट्रैफिक प्रहरी' लॉन्च किया है, जिसके जरिए कोई भी नागरिक नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति की शिकायत सबूत के साथ कर सकता है. शिकायत मिलने पर कार्रवाई होना लगभग तय है.
ट्रैफिक प्रहरी ऐप: नियमों का उल्लंघन करने पर अब खैर नहीं
भारत सरकार ने सड़क पर चलने के लिए कुछ नियम निर्धारित किए हैं, जिनका पालन करना प्रत्येक नागरिक के लिए अनिवार्य है. इन नियमों का उल्लंघन करने पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है. देश में हर साल लाखों लोगों का करोड़ों रुपये का चालान कटता है. इसे ध्यान में रखते हुए, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 'ट्रैफिक प्रहरी' ऐप शुरू किया है.
इस ऐप के जरिए नागरिक उल्लंघन की फोटो या वीडियो भेजकर रिपोर्ट कर सकते हैं. यह ऐप गलत पार्किंग और बिना हेलमेट जैसे उल्लंघनों की जानकारी देने में सहायक है, जिससे ट्रैफिक पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सकती है.

ट्रैफिक प्रहरी ऐप दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा लॉन्च किया गया एक सरकारी मोबाइल ऐप है. इस ऐप के माध्यम से आम नागरिक अपनी पहचान उजागर किए बिना ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ फोटो या वीडियो के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं. इसमें रेड लाइट जम्प करना, बिना हेलमेट के गाड़ी चलाना, गलत पार्किंग या रॉन्ग साइड ड्राइविंग जैसी शिकायतें शामिल हैं.
ऐप का उपयोग कैसे करें
1 - सबसे पहले Google Play Store से ट्रैफिक प्रहरी ऐप डाउनलोड करें,
2 - ऐप को ओपन करने के बाद अपने मोबाइल नंबर से OTP के जरिए लॉगइन करें,
3 - लॉगइन के बाद अपना यूजर नेम और ईमेल आईडी दर्ज करें,
4 - फिर दो विकल्प मिलेंगे: 'Report Offence' और 'Reported Offence',
5 - किसी नई घटना की रिपोर्ट करने के लिए 'Report Offence' चुनें,
6 - पहले से की गई रिपोर्ट की स्थिति जानने के लिए 'Reported Offence' चुनें.
कार्रवाई की प्रक्रिया
ऐप पर रिपोर्ट करने के बाद ट्रैफिक पुलिस अधिकारी आपके द्वारा प्रदान की गई जानकारी की समीक्षा करेंगे. अगर आपकी जानकारी के अनुसार कोई ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उसका कानूनी धारा के अनुसार चालान काटा जाएगा. आप अपनी रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई को ऐप में ही देख सकते हैं.
सड़क पर चलते समय इन नियमों का पालन करें
कागज पूरे रखें: पूरे कागज न होने पर कार या बाइक का चालान कट सकता है. इसलिए अपनी गाड़ी के कागज हमेशा अपने साथ रखें. गाड़ी चलाने वाले का लाइसेंस, गाड़ी की आरसी, इंश्योरेंस और पीयूसी जैसे सभी डॉक्यूमेंट होना अनिवार्य है. अगर गाड़ी का बीमा समाप्त हो गया है, तो उसे तुरंत नवीनीकृत करवाएं.
सीट बेल्ट का प्रयोग: सीट बेल्ट न लगाने पर हर दिन हजारों लोगों का चालान कटता है. कार चलाते समय हमेशा सीट बेल्ट लगानी चाहिए और कार में बैठे अन्य यात्रियों को भी सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रोत्साहित करें.
मोबाइल का उपयोग न करें: भारत में गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करना, मैसेज करना या किसी भी तरह से फोन का उपयोग करना ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन माना जाता है. इससे ड्राइविंग करते समय ध्यान भटक सकता है.
सही जगह पर पार्क करें: गाड़ी पार्क करते समय यह सुनिश्चित करें कि वह सही जगह पर है. गलत जगह पर पार्क करने पर चालान कट सकता है.


Click it and Unblock the Notifications