Delhi-NCR Weather: राजधानी दिल्ली में मानसून का सीजन अपने आखिरी चरण में है. अगले 2 से 3 दिनों में आधिकारिक तौर पर मानसून की विदाई हो जाएगी. हालांकि, मौजूदा हफ्ते के आखिर में हल्की बारिश की संभावना है. बता दें कि पिछले 11 दिनों से बारिश नहीं हो रही. इससे तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार निकल गया है. मानसून की विदाई के बाद सर्दी का सीजन शुरू होता है. अनुमान है कि इस बार सर्दी समय से पहले आएगी.
हफ्ते के आखिर में होगी बूंदाबांदी!
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की विदाई तो हो रही, लेकिन इस हफ्ते में 5 और 6 अक्टूबर को हल्की बूंदाबांदी के अनुमान हैं. कल यानी सोमवार को शहर में 11 दिनों से बारिश न होने की वजह से अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है. बताते चलें कि दिल्ली समेत राजस्थान के कुछ और हिस्सों से लेकर हरियाणा, पंजाब और जम्मू - कश्मीर - लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई हो सकती है.

अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अनुमान के मुताबिक देश में अगले 5 दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है. हालांकि, पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके तहत असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्यों में अगले पांच दिनों तक लगातार बारिश का अलर्ट है. इन राज्यों के लिए बारिश को देखते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं.
पूर्वोत्तर भारत के अलावा दक्षिण भारत में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके तहत तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का अनुमान जारी किया है. हालांकि, इस क्षेत्र में बारिश की तीव्रता में कमी आने का अनुमान है. जबकि पश्चिम और उत्तर भारत में मौसम शुष्क रह सकता है. बता दें कि पिछले 24 घंटों में गुजरात और कर्नाटक में सबसे ज्यादा बारिश हुई. वहीं यूपी में अगले 5 दिनों तक बढ़िया मौसम का अनुमान जारी हुआ है.
UP-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में भले ही 11 दिनों से बारिश नहीं हो रही, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है. इससे कई इलाकों में जल जमाव की समस्या आ गई है. साथ ही झमाझम बारिश से कई नदियां भी उफान पर हैं. मौसम विभाग ने आज 1 अक्टूबर के लिए भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के इलाकों में फिर से बारिश का अलर्ट जारी किया है. साथ ही साथ बिहार में भी बादल छाए रहेंगे, जोकि कुछ इलाकों में बरस भी सकते हैं. इससे मौसम सुहाना हो जाएगा.


Click it and Unblock the Notifications