नयी दिल्ली। कोरोनावायरस के इलाज से जुड़ी एक राहत भरी खबर आई है। गरीबों से गरीब का इलाज भी अब प्राइवेट अस्पतालों में हो सकेगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) ने गरीब से गरीब व्यक्ति का इलाज आयुष्मान भारत के तहत कवर करने का फैसला किया है। यानी अब यदि गरीब व्यक्ति कोरोनावायरस से संक्रमित हो तो आयुष्मान भारत योजना के तहत उसका इलाज प्राइवेट अस्पताल में हो सकेगा। आयुष्मान भारत गरीबों के लिए केंद्र सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना है। आयुष्मान भारत लाभार्थी एनएचए के निर्णय के अनुसार किसी भी निजी अस्पताल में कोरोना के लिए अपना टेस्ट मुफ्त में करवा सकेगा। यदि वे इस वायरस से संक्रमित पाया जाए तो उसे निजी अस्पताल में आइसोलेट (अलग रखना) किया जाएगा। साथ ही आइसोलेशन को भी इस योजना के तहत कवर किया जाएगा।
आयुष्मान भारत के लाभार्थियों का इलाज
इकोनॉमिक टाइम्स में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार एनएचए के एक अधिकारी के मुताबिक उन पैकेजों को अंतिम रूप दे दिया गया है जो आयुष्मान भारत के लाभार्थियों के इलाज को कवर करने के लिए आवश्यक हैं। अस्पतालों में कोरोना की पुष्टिक के लिए कई टेस्ट भी योजना के तहत कवर होंगे और यदि व्यक्ति को आइसोलेट करने की आवश्यकता होती है तो इसे भी इस योजना के तहत कवर किया जाएगा। एनएचए को उम्मीद है कि इलाज की लागत इसके वायरल संक्रमण पैकेज के तहत कवर हो जाएगी। यदि रोगी को अधिक गंभीर मामलों में गहन देखभाल की आवश्यकता होगी तो अतिरिक्त पैकेज की भी योजना तैयार कर ली गई है।
क्या है आयुष्मान भारत योजना
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) या आयुष्मान भारत गरीबों को माध्यमिक और तृतीयक स्तर पर मुफ्त स्वास्थ्य कवरेज प्रदान करती है। PM-JAY दुनिया की सबसे बड़ी और पूरी तरह से सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना है। इसका उद्देश्य सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना 2011 के अनुसार 10.74 करोड़ से अधिक गरीब और कमजोर परिवारों को कवर करना है। इस योजना के तहत 23 स्पेशियलिटीज में 1,400 प्री-डिफाइंड पैकेज के तहत प्रति परिवार प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कवर प्रदान करता है।
दिल्ली में भी आयुष्मान योजना
दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने अभी तक आयुष्मान योजना लागू नहीं की थी। मगर अब दिल्ली सरकार ने इस योजना को लागू करने का फैसला लिया है। दिल्ली सरकार ने कहा है कि वे वित्त वर्ष 2020-21 से राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू करने जा रही है। दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली विधानसभा में बजट पेश करते हुए इस योजना को लागू करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार 2020-21 से आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू करेगी।


Click it and Unblock the Notifications