CNG Rate Hike News: आज सीएनजी के रेट फिर बढ़ा दिए गए हैं। सीएनजी का रेट इस बार 1 रुपये बढ़ाया गया है। दिल्ली में सीएनजी के बढ़े हुए रेट आज से ही लागू हो गए हैं। अब दिल्ली में सीएनजी 76.59 रुपये प्रति किलो पर मिलेगी। 2023 में चार बार सीएनजी के दाम बदले जा चुके हैं। सीएनजी के दाम बढ़ने के बाद वाहन चलाने वालों पर इसकी मार पड़ेगी। इससे पहले नवंबर और अगस्त में सीएनजी के दाम बढ़ाए गए थे, जुलाई में सीएनजी के दाम घटे थे।
जानिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सीएनजी के नए रेट
नोएडा में सीएनजी के नए रेट 82.20 रुपये प्रति किलो और ग्रेटर नोएडा में 81.20 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। यहां पर सीएनजी के रेट में 1 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है।

जानिए गाजियाबाद में सीएनजी के नए रेट
गाजियाबाद में सीएनजी के नए रेट 81.20 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। इसके अलावा एनसीआर में शामिल गुरुग्राम में सीएनजी के नए रेट 83.62 रुपये प्रति किलो हो गए हैं।
नवंबर में भी महंगी हुई थी सीएनजी
दिल्ली और एनसीआर में 23 नवंबर 2023 को भी सीएनजी के रेट बढ़ाए गए थे। वहीं इससे पहले आईजीएल ने अगस्त में भी सीएनजी के दाम बढ़ाए थे। हालांकि जुलाई में सीएनजी की कीमत तय करने के मानकों में बदलाव के चलते दिल्ली समेत कई राज्यों में सीएनजी की कीमत में कमी आई थी।
क्या होती है सीएनजी
सीएनजी को प्यूर गैस मिथेन पर दबाव बनाकर तैयार किया जाता है। ईंधन के रूप में यह नॉन पॉल्यूटेंट होती है। इससे पर्यावरण को कम नुकसान होता है। आमतौर पर इसे किसी हेवी कंटेनर में स्टोर किया जाता है, जिसका आकार सिलिंड्रिकल होता है। सीएनजी गैस हवा से भी हल्की होती है, यही कारण है कि इस गैस का इस्तेमाल कुकिंग के लिए नहीं किया जाता है। इन कंटेनर में इस गैस को 20 से 25 एमपीए प्रेशर के साथ स्टोर किया जाता है। कम प्रदूषण फैलाने के साथ यह पेट्रोल और डीजल की तुलना में सस्ती होती है। ऐसे में वाहन चालक ईंधन के रूप में इसका अधिक इस्तेमाल करते हैं।
क्या होती है एलपीजी
एलपीजी हल्के हाइड्रोकार्बन से तैयार होती है। जैसे प्रोपेन और ब्यूटेन समेत अन्य हाइड्रोकार्बन। इन गैस को अधिक प्रेशर के साथ दबाया जाता है। एलपीजी का उत्पादन ऑयल रिफाइनिंग या फिर नेचुरल गैस निकालने के दौरान होता है। किसी भी प्रकार की लीकेज होने की स्थिति में गैस का पता लग सके, इसके लिए गैस सिलिंडर में एक विशेष प्रकार का पदार्थ मिलाया जाता है, जिससे हमें गैस रिसाव की दुर्गंध आती है।
सीएनजी और एलपीजी गैस में अंतर क्या है
- सीएनजी गैस हवा से हल्की होती है, जबकि एलपीजी गैस हवा से भारी होती है।
- सीएनजी किसी भी तापमान में गैस रहती है, जबकि एलपीजी गैस अधिक दबाव होने की वजह से तरल पदार्थ में बदल जाती है।
- सीएनजी का इस्तेमाल वाहन व इंडस्ट्री में किया जाता है, जबकि एलपीजी गैस का इस्तेमाल खाना पकाने के लिए ईंधन के रूप में होता है।
- सीएनजी गैस जल्दी से वातावरण में घुल जाती है, जबकि एलपीजी गैस देरी से वातावरण में घुलती है।
यह भी पढ़ें: IREDA Share Price: IPO के 15 दिन के अंदर पैसा किया 3 गुना, जानिए अब क्या करें


Click it and Unblock the Notifications