US Fed Interest Rate Cut: टैरिफ के चलते बढ़ती महंगाई के बीच ब्याज दरों में कटौती के उम्मीदों के अनुरूप अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने भारतीय समयानुसार बुधवार (17 सितंबर) देर रात ब्याज दर कटौती को मंजूरी दी। इसके साथ ही यूएस फेड ने इस साल के अंत तक दो और कटौतियों का संकेत दिया है।

अमेरिकी केंद्रीय बैंक ने नीतिगत ब्याज दरों में 25 बेसिस पॉइंट या 0.25% की कटौती का एलान किया है जो 2025 की पहली कटौती है। फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने दो दिन की बैठक के बाद इस फैसले का एलान किया।
यह दिसंबर 2024 के बाद फेड की पहली और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल में ब्याज दरों की पहली कटौती है। यह कटौती पांच बैठकों तक दरें स्थिर रखने के बाद की गई। इससे पहले दिसंबर में 0.25%, नवंबर में 0.50% और फिर सितंबर में 0.25% की कटौती की थी। तब से ब्याज दरें 4.25% से 4.50% के बीच ही हैं।
कितने मत से लिया गया फैसला?
फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) ने 11-1 के वोट से कटौती को मंजूरी दी। नए गवर्नर स्टीफन मिरन ने इस कटौती के खिलाफ वोट दिया। मिरन 50 बेसिस प्वॉइंट कटौती के पक्ष में थे। वहीं, मिशेल बोमन और क्रिस्टोफर वॉलर, जो ट्रम्प द्वारा नियुक्त हैं और संभावित असहमति के रूप में देखे गए, ने 0.25% कटौती का समर्थन किया।
दो और कटौतियों की संभावना
इसके अलावा 19 में से 9 सदस्यों ने इस साल केवल एक और कटौती का अनुमान लगाया है जबकि, 10 ने दो कटौतियों (अक्टूबर और दिसंबर की बैठकों में) की उम्मीद जताई है। नीति निर्माताओं ने इस साल दो और 0.25% कटौतियों (कुल 50 बेसिस पॉइंट) और 2026 व 2027 में एक-एक कटौती का संकेत दिया। एक अधिकारी ने साल के अंत तक 125 बेसिस पॉइंट की कटौती का अनुमान लगाया।
डॉट प्लॉट से क्या संकेत?
फैसले के साथ, फेड ने अपना 'डॉट प्लॉट' जारी किया, जिसमें नीति निर्माताओं की ब्याज दरों की व्यक्तिगत भविष्यवाणियां होती हैं। औसत अनुमान के अनुसार, इस साल के अंत तक दो और कटौतियां हो सकती हैं।
बैठक के बाद जारी बयान में FOMC ने कहा कि आर्थिक गतिविधियां 'मंद' हो गई हैं, जिससे रोजगार ग्रोथ धीमी हुई है और महंगाई कुछ बढ़ी है और अभी भी ऊंची बनी हुई है। बयान में कहा गया है कि आर्थिक नजरिए को लेकर अनिश्चितता बढ़ी हुई है। समिति अपने दोहरे जनादेश के दोनों पक्षों के जोखिमों पर ध्यान दे रही है और मानती है कि रोजगार के लिए जोखिम बढ़ गए हैं।
बैठक के बाद जारी अनुमानों में जून की तुलना में थोड़ी तेज आर्थिक ग्रोथ का अनुमान है जबकि बेरोजगारी और महंगाई के नजरिए में कोई बदलाव नहीं है।
ब्याज दरों में कटौती से अमेरिकी बाजार में मिलाजुला असर
ब्याज दरों में कटौती के फैसले से अमेरिकी शेयर बाज़ार में मिलाजुला असर देखने को मिला। डाओ जोन्स में करीब 450 अंकों (1%) की बढ़त हुई जबकि, S&P 500 में 0.1% की मामूली बढ़त देखी गई। वहीं, टेक शेयरों में बिकवाली के माहौल से नैस्डैक में भी दबाव दिखा। नैस्डैक 0.3% नीचे रहा। 10-साल का ट्रेजरी यील्ड 4% से नीचे गिरी, और अमेरिकी डॉलर में मामूली कमजोरी आई।
महंगाई और GDP का अनुमान
बैठक में महंगाई और जीडीरी को लेकर अनुमान लगाया गया। इसमें कहा गया है कि महंगाई बढ़ी है और कुछ ऊंची बनी हुई है। फेड का पसंदीदा महंगाई मापक 2025 के अंत तक 3.1% रहने का अनुमान है। फेड के औसत अनुमान के अनुसार, कुल पीसीई मुद्रास्फीति 2025 में 3 प्रतिशत रहने की उम्मीद है, जो 2026 में 2.6 प्रतिशत और 2027 में 2.1 प्रतिशत तक गिर जाएगी। नतीजतन, केंद्रीय बैंक को उम्मीद नहीं है कि उसका पसंदीदा मुद्रास्फीति गेज अगले दो वर्षों में अपने 2 प्रतिशत लक्ष्य से नीचे पहुंच जाएगा। वहीं GDP ग्रोथ की उम्मीदें बढ़ाई गईं हैं। 2025 में 1.6% और 2026 में 1.8%, जो पहले 1.4% और 1.6% थीं।
अमेरिका में बेरोजगारी दर में बढ़ोतरी
अमेरिकी बेरोजगारी दर अगस्त में बढ़कर 4.3% हो गई, जो जुलाई में 4.2% थी। अगस्त में 22,000 नौकरियां सृजित हुईं, जो जुलाई 2025 में 79,000 से काफी कम है। इसके अतिरिक्त, अमेरिकी अर्थव्यवस्था ने मार्च तक के 12 महीनों में पहले के अनुमान से 9,11,000 कम नौकरियां सृजित कीं।
जेरोम पॉवेल की बड़ी बातें
रोज़गार बाज़ार के बारे में पॉवेल ने कहा कि श्रम मांग में कमी आई है और रोज़गार सृजन की हालिया गति बेरोज़गारी दर को स्थिर रखने के लिए आवश्यक ब्रेक-ईवन दर से नीचे चल रही है। उन्होंने आगे कहा, "मैं अब यह नहीं कह सकता कि श्रम बाज़ार बहुत मज़बूत है।
आवास क्षेत्र के लिए ब्याज दरों के महत्व पर बोलते हुए पॉवेल ने कहा, "यह एक ब्याज-संवेदनशील गतिविधि है, इसलिए यह मौद्रिक नीति के केंद्र में है। जब महामारी आई और हमने दरों को शून्य कर दिया, तो आवास कंपनियां अविश्वसनीय रूप से आभारी थीं और उन्होंने कहा कि यही एकमात्र चीज़ थी जिसने उन्हें आगे बढ़ने में मदद की।"
संभावित फेड सुधारों के बारे में पॉवेल ने कहा, "हम निश्चित रूप से रचनात्मक आलोचना और अपना काम बेहतर तरीके से करने के तरीकों के लिए तैयार हैं।"


Click it and Unblock the Notifications