JPMorgan, Visa और Mastercard पर साइबर अटैक, हजारों ग्राहकों का Data Leak!

JPMorgan, Visa और Mastercard पर साइबर अटैक, हजारों ग्राहकों का डेटा लीक! अमेरिका के बड़े बैंकिंग और पेमेंट नेटवर्क एक नए साइबर सुरक्षा संकट का सामना कर रहे हैं। JPMorgan Chase, Visa और Mastercard से जुड़े ग्राहकों की निजी जानकारी साइबर अटैक के बाद ऑनलाइन लीक होने की खबर सामने आई है। इस घटना ने एक बार फिर बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट सिस्टम की डेटा सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

JPMorgan

इस साइबर हमले में हजारों JPMorgan Chase ग्राहकों की जानकारी उजागर होने की आशंका है। हालांकि, कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि उनके बैंकिंग ऑपरेशन और पेमेंट नेटवर्क पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हमला सीधे कंपनियों के मुख्य सिस्टम पर नहीं, बल्कि उनके साथ काम करने वाले थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर्स पर हुआ है।

JPMorgan Chase के हजारों ग्राहकों का डेटा लीक

JPMorgan Chase ने गुरुवार को साइबर हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि बैंक को सेवाएं देने वाली कुछ थर्ड-पार्टी कंपनियां साइबर अटैक का निशाना बनी हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावरों ने इन वेंडर्स के पास मौजूद कुछ मार्केटिंग डेटा तक पहुंच बनाई। इसमें ग्राहकों के नाम और ईमेल एड्रेस जैसी जानकारी शामिल हो सकती है। कुछ मामलों में फोन नंबर भी उजागर हुए हैं। लीक हुई जानकारी में बैंक के कुछ कर्मचारियों के ईमेल एड्रेस भी शामिल बताए जा रहे हैं। Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, साइबर एक्सटॉर्शन ग्रुप n0n ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। ग्रुप की ओर से प्रकाशित फाइलों में 16,000 से ज्यादा ऐसे ईमेल एड्रेस मिले हैं, जो JPMorgan के ग्राहकों से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, सार्वजनिक की गई जानकारी की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

JPMorgan ने कहा है कि प्रभावित ग्राहकों की पहचान होने पर उनसे सीधे संपर्क किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ग्राहकों को मुफ्त क्रेडिट मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी, ताकि उनकी व्यक्तिगत जानकारी के संभावित दुरुपयोग पर नजर रखी जा सके।

Visa और Mastercard ने भी मानी डेटा लीक की घटना

इस साइबर हमले की जांच में Visa और Mastercard से जुड़े थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर्स के प्रभावित होने की जानकारी भी सामने आई है। Visa ने बताया कि यह घटना एशिया-प्रशांत क्षेत्र में मौजूद एक थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर से जुड़ी है। कंपनी के मुताबिक, उसके अपने सिस्टम प्रभावित नहीं हुए हैं और ग्राहकों के पेमेंट डेटा या कार्ड नंबर से समझौता नहीं हुआ है। वहीं, Mastercard ने कहा कि उसके एक बाहरी सर्विस प्रोवाइडर के यहां हुई घटना में कुछ सीमित ग्राहकों की गैर-भुगतान संबंधी जानकारी उजागर हुई है। इसमें एक विशेष बेनिफिट प्रोग्राम से जुड़े कुछ कार्डधारकों के ईमेल एड्रेस शामिल हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस घटना का उसके पेमेंट नेटवर्क पर कोई असर नहीं पड़ा है। ग्राहक पहले की तरह अपने कार्ड का इस्तेमाल कर सकते हैं। यानी फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस घटना में कार्ड नंबर, पेमेंट ट्रांजैक्शन या बैंकिंग पासवर्ड लीक होने की पुष्टि नहीं हुई है।

क्या ग्राहकों के बैंक खाते और पैसे सुरक्षित हैं?

इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रभावित ग्राहकों के बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी खतरे में है? अभी तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, साइबर हमले में मुख्य रूप से मार्केटिंग और कॉन्टैक्ट से जुड़ा डेटा प्रभावित हुआ है। इसका मतलब है कि ग्राहकों के नाम, ईमेल एड्रेस और कुछ मामलों में फोन नंबर जैसे विवरण उजागर हुए हैं। हालांकि, ऐसी जानकारी का इस्तेमाल करके साइबर अपराधी फिशिंग और ऑनलाइन फ्रॉड की कोशिश कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, ग्राहकों को बैंक या कार्ड कंपनी के नाम से फर्जी ईमेल, मैसेज या फोन कॉल किए जा सकते हैं। इन संदेशों में अकाउंट अपडेट करने, कार्ड ब्लॉक होने या किसी संदिग्ध ट्रांजैक्शन को रोकने के नाम पर व्यक्तिगत जानकारी मांगी जा सकती है। इसलिए प्रभावित ग्राहकों के लिए जरूरी है कि वे किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP, PIN या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें और बैंक के नाम से आने वाले संदिग्ध कॉल या मैसेज को लेकर सतर्क रहें।

JPMorgan में पहले भी आई थी तकनीकी गड़बड़ी

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका में पिछले कुछ दिनों से बड़े टेक्नोलॉजी और डिजिटल सिस्टम में लगातार रुकावटें देखने को मिल रही हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में JPMorgan Chase की बैंकिंग सेवाओं में भी तकनीकी समस्या आई थी। बैंक के मुताबिक, एक सॉफ्टवेयर बग के कारण उसके इंटरनल हार्डवेयर सिस्टम प्रभावित हुए थे। इसकी वजह से कुछ ग्राहकों को ट्रांजैक्शन और पैसे ट्रांसफर करने में देरी का सामना करना पड़ा था। हालांकि, बैंक ने बाद में इस समस्या को ठीक कर दिया। JPMorgan ने साफ किया है कि पहले आई तकनीकी गड़बड़ी और अब सामने आए साइबर अटैक का आपस में कोई संबंध नहीं है। इसके अलावा Microsoft 365 की सेवाओं में भी आउटेज देखने को मिला। इससे Outlook, Teams और Copilot जैसी सेवाएं प्रभावित हुईं। कंपनी ने इस समस्या के पीछे अपने सर्वर अपग्रेड से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी को वजह बताया।

अमेरिका की फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के नेटवर्क में आई खराबी के कारण भी देशभर में फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हुए। इस दौरान चार घंटे से ज्यादा समय तक विमानों की आवाजाही पर रोक लगानी पड़ी थी। इसके अलावा Apple की कुछ सेवाओं, Marriott के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और अमेरिकी नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) के एक इंटरनल नेटवर्क में भी तकनीकी रुकावटें सामने आईं। हालांकि, अमेरिकी प्रशासन और संबंधित कंपनियों ने इन अलग-अलग घटनाओं को एक-दूसरे से जुड़ा हुआ या साइबर हमले का परिणाम मानने के लिए फिलहाल कोई सबूत नहीं होने की बात कही है।

थर्ड-पार्टी कंपनियों की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता

JPMorgan, Visa और Mastercard से जुड़ी इस घटना ने एक अहम सवाल खड़ा किया है कि बड़ी वित्तीय कंपनियों के पास ग्राहकों का डेटा कितना सुरक्षित है, खासकर तब जब इस जानकारी का इस्तेमाल कई बाहरी कंपनियां भी करती हैं। आज बैंक और पेमेंट कंपनियां मार्केटिंग, कस्टमर सपोर्ट, डेटा मैनेजमेंट और दूसरी सेवाओं के लिए कई थर्ड-पार्टी वेंडर्स पर निर्भर हैं। ऐसे में अगर किसी बाहरी कंपनी का सिस्टम कमजोर है, तो उसका असर सीधे बैंक या पेमेंट कंपनी के ग्राहकों पर पड़ सकता है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, कंपनियों को केवल अपने इंटरनल सिस्टम की सुरक्षा पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें अपने सभी सर्विस प्रोवाइडर्स की सुरक्षा व्यवस्था, डेटा एक्सेस और जानकारी साझा करने की जरूरत की भी नियमित समीक्षा करनी होगी।

AI के बढ़ते इस्तेमाल ने इस चुनौती को और गंभीर बना दिया है। जहां AI साइबर सुरक्षा में मौजूद कमजोरियों को पहचानने में मदद कर सकता है, वहीं दूसरी ओर साइबर अपराधियों के लिए भी नए तरीके और संभावनाएं पैदा कर रहा है। फिलहाल JPMorgan, Visa और Mastercard ने अपनी पेमेंट सेवाओं के सामान्य रूप से काम करने की पुष्टि की है। लेकिन इस घटना ने यह साफ कर दिया है कि डिजिटल बैंकिंग के दौर में ग्राहकों का डेटा सिर्फ बैंक के सिस्टम में ही नहीं, बल्कि उससे जुड़ी पूरी डिजिटल सप्लाई चेन में सुरक्षित रखना जरूरी है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+