Rules changing from 1st February: कल यानी 1 फरवरी को मोदी सरकार सुबह 11 बजे संसद में बजट 2024 (Budget 2024) पेश करेगी। बजट में कई बातें होती हैं, जिससे चीजे बदल जाती हैं, लेकिन बजट पेश होने के पहले भी देश में कल से 7 चीजें बदलने वाली हैं। इनका असर हमारे आर्थिक जीवन पर पड़ेगा। कुछ बातों पर अगर ध्यान नहीं दिया तो दिक्कत में पड़ जाएंगे तो कुछ बातों पर ध्यान नहीं दिया फायदा उठाने से रह जाएंगे। आइये जानते हैं कि यह 7 बातें कौन सी हैं, जो बदलने जा रही हैं।
IMPS मनी ट्रांसफर नियम: 1 फरवरी से यूजर्स जल्द ही केवल रिसीवर का मोबाइल नंबर और बैंक का नाम एड कर IMPS के माध्यम से मनी ट्रांसफर कर सकेंगे। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के मुताबिक, इसमें बेनिफिशरी जोड़ने की जरूरत नहीं होगी IFSC कोड की भी जरूरत नहीं होगी। 31 अक्टूबर, 2023 के एनपीसीआई सर्कुलर में बताया था कि सभी मेंबर्स से अनुरोध है कि वे इस पर ध्यान दें और 31 जनवरी 2024 तक सभी आईएमपीएस चैनलों पर मोबाइल नंबर और बैंक नाम के माध्यम से फंड ट्रांसफर शुरू करने और स्वीकार करने लगें।

एनपीएस विड्रॉल नियम: 12 जनवरी, 2024 के पीएफआरडीए सर्कुलर में कहा गया है कि कस्टमर्स हायर एजुकेशन, शादी, रेजिडेंशियल घर खरीदने और मेडिकल खर्च जैसे कामों के लिए एनपीएस से नियम के अनुसार पैसे निकाल सकता है। पीएफआरडीए द्वारा 12 जनवरी, 2024 को जारी सर्कूलर के अनुसार, यह नियम कल यानी 1 फरवरी 2024 से प्रभावी होगा।
2024 का पहला गोल्ड बॉन्ड: 2024 का पहला गोल्ड बांड, एसजीबी सीरीज 2023-24 सीरीज IV 12 फरवरी, 2024 को निवेश के लिए खुल जाएगा। आरबीआई के नोटिफिकेशन के अनुसार, सब्सक्रिप्शन विंडो 12 फरवरी से लेकर 16 फरवरी 2024 तक खुली रहेगी। बांड 21 फरवरी 2024 को जारी किए जाएंगे। इस स्कीम में अगर ऑनलाइन भुगतान कर निवेश किया जाता है तो आरबीआई 50 रुपये प्रति ग्राम सस्ता सोना एलाट करती है। इसके अलावा इस स्कीम में निवेश किए गए पैसे पर ब्याज भी हर साल दिया जाता है। इस ब्याज का भुगतान साल में दो बार किया जाता है।
एसबीआई होम लोन पर छूट: एसबीआई अपने कस्टमर्स को 65 बेसिस प्वाइंट तक की होम लोन पर छूट दे रहा है। इसका लाभ केवल आज ही लिया जा सकता है। 1 फरवरी से यह सुविधा बंद हो जाएगी।
पंजाब एंड सिंध बैंक स्पेशल एफडी: पंजाब एंड सिंध बैंक की '444 दिन' की स्पेशल एफडी 31 जनवरी, 2024 को समाप्त होगी। इस एफडी में निवेशकों को 7.40 फीसदी ब्याज मिल रहा है। अगर किसी ने इस स्कीम में निवेश नहीं किया है तो वह 1 फरवरी से पहले निवेश कर सकते हैं।
फास्टैग होगा ब्लैक लिस्ट: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बताया है कि 31 जनवरी के बाद उन फास्टैग को निष्क्रिय कर देगा, जिनका केवाईसी पूरा नहीं है। भले ही उनके पास कितना भी बैलेंस क्यों ना हो।
सिलेंडर की कीमत में बदलाव: इसके अलावा ऑयल मार्केटिंग कंपनियां महीने की पहली तारीख को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव करती हैं। वैसे बीते कई महीनों से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है, लेकिन कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में बदलाव देखने को मिल सकता है।


Click it and Unblock the Notifications