नई दिल्ली, सितंबर 08। शेयर बाजार से लोग भारत में नहीं बल्कि दुनिया भर में पैसा कमाते हैं। बहुत से लोग काफी कम समय में करोड़ों रु कमा लेते हैं। मगर आज हम आपको यहां 20 वर्षीय एक ऐसे लड़के की जानकारी देंगे, जिसने मात्र एक महीने में करोड़ों नहीं बल्कि अरबों रु कमा लिए। ये कारनामा किया है अमेरिका एक छात्र ने। आगे जानिए पूरी डिटेल।
664 करोड़ रु का मुनाफा
जेक फ्रीमैन एक 20 वर्षीय छात्र हैं। अप्लाइड मैथमेटिक्स एंड इकोनॉमिक्स की पढ़ाई कर रहे जेक ने शेयर मार्केट में 215 करोड़ रु का निवेश किया था। 1 महीने में ही उनकी निवेश राशि की वैल्यू 879 करोड़ रु हो गयी, जिन्हें जेक ने बेच दिया। इससे उन्हें 1 महीने में 664 करोड़ रु प्राप्त हुए।
सता रहा एक डर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जेक ने पैसा तो बना लिया, मगर अब उनके माता-पिता को एक डर सता रहा है। ये डर है जेक की किडनैपिंग का। बता दें कि जेक फ्रीमैन यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ कैलिफोर्निया से अप्लाइड मैथमेटिक्स एंड इकोनॉमिक्स की पढ़ाई कर रहे हैं।
बेड बाथ एंड बेयंड
जेक ने जो पैसा बनाया है वो बनाया है बेड बाथ एंड बेयंड के शेयर से। उन्होंने बेड बाथ एंड बेयंड के शेयर खरीदे थे। बात जुलाई की है, जब उन्होंने जुलाई में 440 रु प्रति शेयर के भाव पर बेड बाथ एंड बेयंड के करीब 50 लाख शेयर खरीदे।
कितनी पहुंच गयी कीमत
एक महीने बाद ही इस स्टॉक की कीमत 440 रु से उछल कर 2160 रु तक पहुंच गई। जेक ने इस रेट पर शेयरों को बेच दिया। मजे की बात यह है कि जेक ने निवेश के लिए पैसा दोस्तों और परिवार के लोगों से उधार लिया था। हालांकि यहां एक निगेटिव पॉइंट यह भी है कि कंपनी के सीएफओ गुस्तावो अर्नल पर इनसाइडर ट्रेड का आरोप भी लगा था।
बाद में आई गिरावट
बाद में इस कंपनी के शेयर की कीमतों में भारी गिरावट आई है। इससे बेड बाथ एंड बेयंड के शेयर की कीमत गिर कर 560 रु पर आ गयी है। अब नौबत यहां तक आ गयी है कि कंपनी को कई स्टोर बंद करने पड़ रहे हैं और स्टाफ की छंटनी भी हो सकती है, जिसका ऐलान कर दिया गया है। डेलीमेल की रिपोर्ट के अनुसार जेक ने अपने चाचा से स्टॉक्स पर बातचीत की। फिर करीब 200 करोड़ रु का निवेश किया। स्टॉक की कीमत में तेजी से जेक भी चकित रह गये थे। उन्होंने 6 महीने के लिए इस शेयर को खरीदा था। मगर मुनाफा कमाने के लिए उन्होंने इसे जल्दी बेच दिया।
नहीं बनाया कोई प्लान
जेक के अनुसार उन्होंने अरबों रु कमा लिए मगर बावजूद इसके उनकी जिंदगी में खास बदलाव नहीं आए। मजे की बात यह है कि यूनिवर्सिटी कैंपस में उनके बारे में कोई नहीं जानता कि वे कितना पैसा कमा चुके हैं। जेक आगे की पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं। जहां तक पैसों का सवाल है तो कमाए हुए पैसों को लेकर उन्होंने अब तक कोई प्लान नहीं बनाया है कि इन पैसों को कहां और कैसे खर्च करना है।


Click it and Unblock the Notifications