नई दिल्ली, अक्टूबर 4। अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने 3.5 अरब डॉलर में एसबी एनर्जी इंडिया को खरीद लिया है। ये डील पूरी हो गयी है। बता दें कि भारत के रिन्यूएबल सेक्टर में यह सबसे बड़ी डील है। एसबी एनर्जी की सबसे बड़ी सोलर पावर डेवलपर है। एसबी एनर्जी और अडानी ग्रीन एनर्जी के बीच हुई यह डील पूरी तरह कैश में हुई है। इस डील में एसबी एनर्जी इंडिया की वैल्यू 3.5 अरब डॉलर (26,000 करोड़ रुपये) आंकी गयी। एसबी एनर्जी इंडिया अब अडानी ग्रीन की 100% सब्सिडरी कंपनी है। इससे पहले यह जापान की सॉफ्टबैंक ग्रुप कॉर्प और भारती ग्रुप के बीच 80:20 का जॉइंट वेंचर था।
अक्षय ऊर्जा उत्पादन में निवेश
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार जेपी मॉर्गन इंडिया इन्वेस्टर समिट में बोलते हुए अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी ने कहा कि 20 अरब डॉलर का निवेश अक्षय ऊर्जा उत्पादन (रिन्यूएबल एनर्जी जनरेशन), कम्पोनेंट मैन्युफैक्चरिंग, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रिब्यूशन में होगा। अडानी ग्रीन ने 18 मई को एसबी एनर्जी इंडिया को खरीदने के लिए एक शेयर-खरीद समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
एसबी एनर्जी की डिटेल
एसबी एनर्जी इंडिया के पास अपने स्पेशल पर्पस व्हीकल के माध्यम से भारत के चार राज्यों में 5-गीगावाट अक्षय (रिन्यूएबल) संपत्ति है। इसके पोर्टफोलियो में 1,700 मेगावाट ऑपरेशनल रिन्यूएबल एसेट्स, 2,554 मेगावाट की एसेट अंडर कंट्रक्शन और 700 मेगावाट की एसेट्स नियर कंस्ट्रक्शन है। इसके पोर्टफोलियो का 84% (4,180 मेगावाट) सौर क्षमता और पवन-सौर हाइब्रिड क्षमता 9% (450 मेगावाट) है।
अडानी ग्रीन एनर्जी की क्षमता बढ़ेगी
इस डील से अडानी ग्रीन का ऑपरेशनल पोर्टफोलियो 5.4 गीगावाट और इसका कुल पोर्टफोलियो 19.8 गीगावाट तक बढ़ जाएगा। यह इसकी ऑपरेशनल कैपेसिटी में 46% की वृद्धि होगी। कंपनी के एक उच्च अधिकारी के अनुसार यह डील कंपनी को रिन्यूएबल सेक्टर में ग्लोबल लीडर बनने के करीब ले जाएगी। डील के जरिए मिलने वाली एसबी एनर्जी इंडिया की हाई-क्वालिटी की लार्ज यूटीलिटी स्केल एसेट्स से कार्बन न्यूट्रल फ्यूचर की ओर बढ़ने भारत के प्रयासों में तेजी लाने के अडानी ग्रीन एनर्जी के इरादे प्रदर्शित हो रहे हैं।
कितनी बढ़ी अडानी की दौलत
आईआईएफएल वेल्थ हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2021 के अनुसार 5,05,900 करोड़ रु की संपत्ति के साथ गौतम अडानी दूसरे सबसे अमीर भारतीय हैं। गौतम अडानी एंड फैमिली ने पिछले एक साल में रोजाना 1,002 करोड़ रुपये कमाए, जिससे उनकी संपत्ति चौगुनी होकर 5,05,900 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 1,40,200 करोड़ रुपये थी। इसने उन्हें भारत का दूसरा सबसे धनी परिवार बना दिया और 59 वर्षीय अडानी को चीन के बोतलबंद पानी उत्पादक झोंग शानशान को एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में पछाड़ने में मदद की।


Click it and Unblock the Notifications