नई दिल्ली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की तीसरी और अंतिम किस्त आज यानी 1 अगस्त 2019 से जारी होने लगेगी। मोदी सरकार की इस योजना के तहत हर साल किसानों को तीन किस्त में 6000 रुपये दिया जाना है। पीएम किसान योजना की दो किस्तों का पैसा दिया जा चुका है। अब तीसरी का आज से पैसा मिलने लगेगा। इन दो किस्ता का पैसा करीब 6.15 करोड़ किसानों के बैंक अकाउंट में जा चुका है।

फरवरी में शुरू हुई थी पीएम किसान स्कीम
पीएम किसान स्कीम की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से की थी। सरकार ने उसी दिन किसानों को इस स्कीम का पैसा ट्रांसफर करना शुरू किया था। वहीं मार्च में दूसरी किस्त भेजी जानी थी, लेकिन लोकसभा चुनाव की घोषणा के कारण आचार संहिता लागू हो गई। इसके चलते पीएम किसान योजना में नए किसानों का नाम नहीं जुड़ पाया। चुनाव बाद इस पर काम शुरू हुआ और अब तक करीब 6.15 करोड़ किसानों को पीएम किसान स्कीम के तहत पैसा मिल चुका है। मोदी सरकार ने पीएम किसान योजना के लिए 75,000 करोड़ रुपये का आवंटन किया है।
कई राज्य के किसानों को नहीं मिला पैसा
केंद्रीय कृषि मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक कई राज्यों ने पीएम किसान योजना का फायदा अपने राज्य के किसानों को नहीं दिया है। इसी कारण अभी तक स्कीम का फायदा केवल 44 फीसदी किसानों को ही मिला है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम ने अभी तक अपने राज्य के किसानों की लिस्ट केन्द्र सरकार को नहीं सौंपी है। इसके चलते इन राज्यों के किसानों को पीएम किसान स्कीम का फायदा नहीं पाया है। लक्षद्वीप, चंडीगढ़ ने भी अभी तक पात्र किसानों की लिस्ट नहीं सौंपी है। देश में आंकड़ों के अनुसार 13.93 करोड़ किसान हैं, जिन्हें इस स्कीम का फायदा मिलना है।
यह भी पढ़ें : PM Kisan पैसा न मिला हो तो इस हेल्पलाइन नंबर पर बताएं, तुरंत मिलेगा


Click it and Unblock the Notifications