शुक्रवार को सोना की कीमतों में तेजी, वहीं दूसरी ओर चांदी की कीमतों में भी उछाल देखने को मिली।
नई दिल्ली: शुक्रवार को सोना की कीमतों में तेजी, वहीं दूसरी ओर चांदी की कीमतों में भी उछाल देखने को मिली। वैश्विक स्तर पर पीली धातु के 14 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचने का असर दिल्ली सर्राफा बाजार पर भी शुक्रवार को देखा गया और यहां सोना 300 रुपए की छलांग लगाकर तीन महीने के उच्चतम स्तर 33,870 रुपए प्रति दस ग्राम पर तथा चांदी 550 रुपए उछलकर एक महीने के उच्चतम स्तर 38,400 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। जबकि कल गुरुवार को सोने की कीमत में 33,570 रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रहा जबकि चांदी 40 रुपए फिसलकर 37,850 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।

विदेशों से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर आज 10.05 डॉलर चमककर 1,353.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। पिछले साल मार्च के बाद यह पहला मौका है जब पीली धातु 1,350 डॉलर के पार निकली है। अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा भी 14.10 डॉलर की बढ़त में 1,357.80 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
भारत में आज के सोने की कीमत जानने के लिए यहां देखें
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि चीन और अमेरिका से कमजोर आर्थिक आंकड़े आने और पश्चिम एशिया में राजनीतिक तनाव बढ़ने से सुरक्षित धातु की मांग बढ़ी है। अमेरिका ने गुरुवार को ईरान पर आरोप लगाया कि उसने ओमान की खाड़ी में कच्चे तेल के दो टैंकरों पर हमला किया है। इससे अमेरिका-ईरान के संघर्ष को लेकर चिंता बढ़ गई है। चीन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, मई में चीन के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर 17 साल के निचले स्तर पांच प्रतिशत पर आ गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 0.10 डॉलर की बढ़त के साथ 15.01 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
आज भी गिन्नी की कीमत रही स्थिर
स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 300 रुपए उछलकर 10 मार्च के बाद के उच्चतम स्तर 33,870 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 33,700 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 26,700 रुपए पर टिकी रही।
बता दें कि आज चांदी में भी तेजी देखी गई। चांदी हाजिर 550 रुपए चढ़कर 38,400 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई जो 10 मई के बाद का उच्चतम स्तर है। चांदी वायदा 615 रुपए उछलकर 37,440 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 80 हजार और 81 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिका रहा।
भारत में आज के चांदी की कीमत जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली सर्राफा बाजार में आज दोनों कीमती धातुओं के दाम
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 33,870
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 33,700
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम: 38,400
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 37,440
सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 80,000
सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 81,000
गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 26,700


Click it and Unblock the Notifications