MP News: जीवनदायनी मां नर्मदा गंदे नालों का पानी मिलने से प्रदूषण का शिकार हो रही है। लेकिन, अब नर्मदा नदी में गंदे नालों का प्रदूषित पानी रोकने के लिए प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने 15 करोड़ की राशि देने की घोषणा की है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि मां नर्मदा में नालों से मिलने वाले प्रदूषित पानी रोकने के लिए हमारी सरकार संकल्पबद्ध है।
दरअसल, सीएम मोहन यादव नर्मदापुरम जिले के सेठानी घाट पर आयोजित 'मां नर्मदा जयंती महोत्सव' और नर्मदापुरम गौरव दिवस में पहुंचे। इस दौरान सीएम यादव ने नर्मदा में नालों के मिलने वाले प्रदूषित पानी को रोकने के निर्माण कार्यों के लिए 15 करोड़ की राशि देने की घोषणा की। इतना ही नहीं, सीएम यादव ने इस दौरान विधि-विधान से मां नर्मदा की आरती भी की।

सीएम यादव ने कहा कि नर्मदापुरम को पवित्र नगरी बनाया जाएगा। इसके लिए खुले में मांस की बिक्री पर रोक लगाई जाएगी और नगर से डेढ़ किलोमीटर दूर शराब की दुकाने रहेंगी। लाउड स्पीकर के प्रयोग पर भी नियंत्रण किया जाएगा। कहा कि नर्मदापुरम में आयुष महाविद्यालय खोला जाएगा, जिससे यहां के विद्यार्थी आयुर्वेद शिक्षा प्राप्त कर चिकित्सक बनेंगे।
प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। सीएम ने कहा कि मां नर्मदा की बात निराली है, मां नर्मदा के दर्शन मात्र से ही पूरा जीवन धन्य हो जाता है। मां नर्मदा की पहचान सब नदियों से अलग है। भारत मां और हमारी सनातन संस्कृति को भगवान का आशीर्वाद मिला है। सीएम ने मां नर्मदा जयंती की बधाई दी और जीवनदायिनी मैया नर्मदा के आशीर्वाद से प्रदेश में समृद्धि, दिव्य जल से जीवन धन्य रहने और सबके जीवन में खुशहाली की प्रार्थना की।


Click it and Unblock the Notifications