MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ग्वालियर में लाल टिपारा गौशाला के विकास और गायों की देखरेख के लिए 5 करोड रुपए की धनराशि देने की घोषणा की है। जन आभार यात्रा में लोगों का आभार जताने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव लाल टिपारा गौशाला पहुंचे। सीएम यादव ने यहाँ गौशाला का उद्घाटन किया और आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत की। उनके साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहे।
सीएम यादव ने कहा कि लाल टिपारा गौशाला की गायों और उत्थान के लिए वे और उनकी सरकार पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि 5000 साल पहले लड्डू गोपाल का जन्म हुआ था। उन्हें मां का दूध नहीं मिला। यशोदा मां ने पालन-पोषण किया। उनका लालन-पालन गौ माता के माध्यम से हुआ। सभी देवताओं को पूजना है तो गाय को पूज लो। ब्राजील ने दूध की क्रांति अपनी गायों के माध्यम से की है। इसलिए हम भी अपने देश की गाय से ही क्रांति कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के नगर निगमों के प्रतिनिधियों को लाल टिपारा गौशाला भेजेंगे। जिससे वह भी अपने यहां ऐसी गौशाला का विकास कर सके और गौ माता का संरक्षण कर सकें।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि महाकाल के प्रतिनिधि प्रदेश की कमान को संभाल चुके हैं। ऐसे में प्रदेश के विकास में नया अध्याय लिखा जाएगा। सिंधिया स्टेट की राजधानी भी उज्जैन रही है। इसलिए उनसे भावनात्मक संबंध भी है। शास्त्रों में कहा गया है कि गायों की धूल माथे पर लग जाती है तो पाप धुल जाते हैं। हमारे गांव की आत्मा गाय में बसती है। इसलिए गाय का संरक्षण करना है।
सीएम डॉक्टर मोहन यादव खुले वाहन पर सवार होकर ग्वालियर में जनता का आभार जताने निकले। इस मौके पर जनता ने पुष्प वर्षा कर सीएम यादव का अभिनंदन किया। सीएम यादव के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया राज्य सरकार के मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर, नारायण सिंह कुशवाहा और सांसद विवेक नारायण शेजवलकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी खुले वाहन में सवार होकर जनता का आभार जाता रहे थे।


Click it and Unblock the Notifications