मध्य प्रदेश के लिए आज दो अच्छी खबरें सामने आई हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पहले शहडोल में कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए 852 करोड़ रुपए के फंड की मंजूरी दी, इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 346 के पिछोर-दिनारा खंड को पेव्ड शोल्डर के साथ 2 लेन में अपग्रेड करने के लिए 425.97 करोड़ रुपए के फंड की मंजूरी दी है। इस फंड के जरिए यहां की सड़क का चौड़ीकरण होगा और यहां के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 346 जिसकी मध्य प्रदेश में लंबाई 334.55 किलोमीटर है यह प्रसिद्ध चंदेरी किले को जोड़ता है और पुरातत्व स्मारक अशोकनगर जिले के चंदेरी में स्थित हैं। यह परियोजना झांसी के पास दिनारा पर राष्ट्रीय राजमार्ग 27 को पूर्व-पश्चिम कोरिडोर के साथ कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। बता दें कि सोशल मीडिया पर नितिन गडकरी ने इस परियोजना को लेकर जानकारी दी है।

नितिन गडकरी के ट्वीट को मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने रीट्वीट करते हुए उनका आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने इसे हाईवे की प्रगति और राष्ट्र का निर्माण बताया है। गौर करने वाली बात है कि देशभर में सड़क के जाल को मजबूत करने में नितिन गडकरी की भूमिका काफी अहम रही है। देश में सर्वाधिक रफ्तार से हर रोज राष्ट्रीय हाईवे का निर्माण हो रहा है।


Click it and Unblock the Notifications