Jharkhand News: झारखंड के सीएम चंपाई सोरेन ने कहा है कि उनकी सरकार भूमिपुत्रों को उनका हक और अधिकार दिलाएगी। सीएम सोरेन ने वादा किया कि राज्य में आदिवासियों की तर्ज पर मूलवासियों के धार्मिक स्थलों को भी संरक्षित कर उनका सौन्दर्यीकरण किया जाएगा।चंपाई सोरेन ने शनिवार को गोपबंधु दास आदर्श टाउन हॉल में समारोह के दौरान अपने उद्बोधन में यह बातें कहीं
सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि सरायकेला की मिट्टी में कला बसती है, इसके संवर्द्धन के लिए प्रदेश सरकार हरसंभव उपाय करेगी। उन्होंने सरायकेला-खरसावां की 220 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं पर 334 करोड़ 12 लाख 36 हजार रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री सोरेन ने उत्कलमणि गोपबंधु दास आदर्श टाउन हॉल का लोकार्पण भी किया। उन्होंने 11617 लाभुकों के बीच 34 करोड़ 29 लाख 10 हजार 731 रुपये की परिसंपति का वितरण भी किया। चंपई सोरेन ने कहा कि कलानगरी सरायकेला छऊ नृत्य के लिए दुनिया में प्रसिद्ध है। इस कला को और आगे ले जाने के लिए हमारी सरकार संकल्पित है। सरायकेला में शीघ्र ही छऊ नृत्य कला अकादमी की स्थापना होगी। मरीन ड्राइव का निर्माण कर सरायकेला जिले को विश्व स्तर की पहचान दिलावाई जाएगी।