झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार किसानों के लिए अच्छी खबर लेकर आई है। प्रदेश में जो किसान सूखा प्रभावित क्षेत्र के हैं उनके लिए सरकार की ओर से तत्काल राहत के तौर पर 3500 रुपए देने का आदेश जारी किया गया है। प्रदेश सरकार की यह राशि अनुग्रह राशि के तौर पर दी जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 10 जनवरी को प्रदेश के आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक के दौरान यह निर्देश दिया है।
कृषि विभाग की ओर से मुख्यमंत्री को बताया गया है कि इस वर्ष कम बारिश की वजह से कई क्षेत्रों में सूखे की स्थिति है, लिहाजा इन क्षेत्रों को सूखाग्रस्त घोषित करना चाहिए। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 158 प्रखंडों को सूखा ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने का प्रस्ताव तैयार करें। इस प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाए। इसके साथ ही प्रत्येक किसान को अनुग्रह राशि के तौर पर 3500 रुपए दिए जाएं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह केंद्र सरकार को सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए एक प्रस्ताव तैयार करके भेजें। इस राशि को किसानों को वितरित किया जाएगा, जो सूखाग्रस्त क्षेत्र में हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह सूखा प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए जरूरी कदम उठाएं।
पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी सूखे की मार झेल रहे किसानों को मुख्यमंत्री ने त्वरित तौर पर अनुग्रह राशि देने को कहा है। साथ ही जिन किसानों की फसल 33 फीसदी तक खराब हुई है उन्हें इनपुट अनुदान राशि दी जाए। बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।


Click it and Unblock the Notifications