Haryana News: हरियाणा सरकार तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों के लिए नौकरियां निकालने की तैयारी कर रही है। प्रदेश में सभी सरकारी विभागों बोर्ड निगमों और सरकारी संस्थानों में लिपिकों और चपरासियों के रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों को भरने के लिए सरकार ने सभी विभागों से जिलावर कैटेगरी के अनुसार रिक्त पदों की जानकारी मांगी है। मुख्य सचिव के अधीनस्थ मानव संसाधन विभाग ने इस संबंध में विभाग अध्यक्षों और उपायुक्त को आदेश जारी कर दिए हैं।
अधिकारियों को 5 दिन के अंदर निर्धारित फॉर्मेट में बताना होगा कि जिले में लिपिकों और चपरासियों के लिए कुल स्वीकृत पद कितने हैं। इन पर कितने कर्मचारी तैनात है और कितने पद रिक्त हैं। कर्मचारियों और रिक्त पदों की जानकारी देते हुए यह भी बताना होगा कि इनमें सामान्य श्रेणी अनुसूचित जाति पिछड़ा वर्ग-ए और पिछड़ा वर्ग-बी तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए कितने पद हैं।

वर्तमान में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के 42 हजार पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। प्रदेश सरकार ने इस साल 60 हजार नौकरियां देने का लक्ष्य रखा है। इनमें से तृतीय श्रेणी के 10 हजार पदों पर हाल ही में नियुक्तियां हो चुकी है। इसी तरह पिछले दिनों 1149 युवाओं को पुलिस में नौकरी मिली है।
प्रदेश में करीब 12 हजार पदों पर भर्ती हो चुकी है। हरियाणा में 41 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। युवाओं को निजी क्षेत्र में भी रोजगार के लिए कई योजनाएं शुरू की गई है। जिसकी बदौलत प्रदेश में लगभग 32 लाख लोगों को रोजगार और स्वरोजगार मिला है।
इसके साथ ही हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से लगभग 18 हजार युवाओं को अनुबंध के आधार पर नौकरी दी गई है। इसी निगम के माध्यम से युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने में भी मदद की जा रही है। पिछले दिनों 7 देशों में 13 हजार से अधिक नौकरियों के लिए आवेदन मांगे गए थे। जिनकी चयन प्रक्रिया जारी है।


Click it and Unblock the Notifications