दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने रिंग रोड विस्तार को मंजूरी दे दी है। दिल्ली सरकार ने उत्तरी दिल्ली में निगम बोध घाट से चंदगी राम अखाड़ा चौराहे के बीच रिंग रोड के नवीनीकरण को मंजूरी दे दी है। ये जानकारी लोक निर्माण विभाग मंत्री आतिशी ने दी।

मंत्री आतिशी के कार्यालय की ओर से जारी किए गए बयान के अनुसार पीडब्ल्यूडी ने विशेषज्ञों की सहायता से सड़कों का मूल्यांकन किया है और अपग्रेड प्रोसेस शुरू करने के लिए कहा गया है।
इसमें ये भी बताया गया कि अधिकारियों को निर्माण चरण के दौरान यात्रियों के लिए न्यूनतम व्यवधान का निर्देश दिया गया है, साथ ही निर्देश दिया गया है कि सड़कों के लिए ग्लोबल स्टैन्डर्ड का पालन किया जाए।
कार्यालय द्वारा जारी की गई योजना में ये भी बताया कि 2 किमी लंबे मार्ग का उपयोग रोजाना हजारों यात्रियों द्वारा किया जाता है और यह शहर के उत्तरी हिस्से को मध्य और दक्षिणी दिल्ली से जोड़ता है।
ये भी जानकारी दी गई कि यह मार्ग कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर चढ़ने और उतरने वालों के अलावा उत्तरी राज्यों पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के यात्रियों के लिए मुख्य पहुंच मार्ग के रूप में भी काम करता है।
दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने कहा रिंग रोड को मजबूत करने का काम ऐसी सड़कें बनाने के हमारे मिशन में एक महत्वपूर्ण कदम है जो न केवल चिकनी हों बल्कि सभी के लिए सुरक्षित भी हों। इन सड़कों के मजबूत होने से लाखों यात्रियों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा, भीड़ कम होगी और कनेक्टिविटी बढ़ेगी।


Click it and Unblock the Notifications