नयी दिल्ली। ग्राम सुमंगल रूरल पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस स्कीम एक बीमा योजना है। ये योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बीमा कवर प्रदान करती है। इस योजना एक और फायदा है कि यदि आप रोज के 95 रु जमा करें तो 14 लाख रु पा सकते हैं। इसकी डिटेल हम आगे जानेंगे, उससे पहले बता दें कि रूरल पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस स्कीम की शुरुआत 1995 में हुई थी। इस स्कीम के तहत पोस्ट ऑफिस 6 अलग-अलग बीमा योजनाएं पेश करता है। इन्हीं में से एक है ग्राम सुमंगल।
मनी बैक इंश्योरेंस पॉलिसी
ग्राम सुमंगल योजना में अधिकतम 10 लाख रु का सम एश्योर्ड मिलता है। इस मनी बैक इंश्योरेंस पॉलिसी में आपको समय-समय पर पैसा मिल जाएगा। अगर कोई व्यक्ति यह पॉलिसी ले और पॉलिसी अवधि के दौरान जिंदा रहे तो मनीबैक का लाभ मिलेगा। व्यक्ति की मृत्यु की स्थिति में उसके नॉमिनी को सम अश्योर्ड के साथ साथ बोनस राशि का भी भुगतान किया जाएगा। इस योजना की शुरुआत मल्होत्रा समिति द्वारा भारत में बीमा स्थिति में सुधार के लिए एक सिफारिश के रूप में शुरू की गई थी। उस समय कुल आबादी के केवल 22 फीसदी के पास ही बीमा था। आज इस योजना का विस्तार भारत के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में हो चुका है।
कितने साल के लिए मिलेगी पॉलिसी
सुमंगल स्कीम दो अवधियों के लिए मिलती है। इनमें 15 साल और 20 साल शामिल हैं। कम से कम 19 साल का कोई व्यक्ति ये पॉलिसी ले सकता है। अधिकतम 45 वर्षीय व्यक्ति इस पॉलिसी को 15 साल की अवधि के लिए ले सकता है। 20 साल के लिए इस पॉलिसी अधिकतम 40 वर्षीय व्यक्ति ही ले सकता है।
जानिए मनी बैक का नियम
15 साल की पॉलिसी में 6 साल, 9 साल और 12 साल पूरे होने पर 20-20% मनी बैक मिलता है। वहीं मैच्योरिटी पर बोनस सहित बाकी 40% पैसा दिया जाएगा। इसी तरह 20 साल की पॉलिसी में 8 साल, 12 साल और 16 साल की अवधि पर 20-20% पैसा मिलेगा। बाकी 40 फीसदी पैसा बोनस के साथ मैच्योरिटी पर दिया जाएगा।
कितना होगा प्रीमियम
इस स्कीम में फिलहाल प्रति हजार रु पर 48 रु का बोनस दिया जा रहा है। बात प्रीमियम की करें तो यदि कोई 25 वर्षीय व्यक्ति 7 लाख रु के सम एश्योर्ड के साथ इस पॉलिसी को 20 साल के लिए ले उसे हर महीने 2853 रु का प्रीमियम देना होगा। अगर रोज के हिसाब से देखें तो यह करीब 95 रु बैठेगा। तिमाही प्रीमियम 8449 रु, छमाही प्रीमियम 16715 रु और वार्षिक प्रीमियम 32735 रु होगा।
जानिए कितना होगा फायदा
इस 25 वर्षीय व्यक्ति को 8वें, 12वें और 16वें साल में 20-20 फीसदी के हिसाब से 1.4-1.4 लाख रुका भुगतान किया जाएगा। आखिर में 20वें साल में 2.8 लाख रु बतौर सम अश्योर्ड भी प्राप्त होंगे। जैसा कि हमने बताया कि प्रति हजार सालाना बोनस 48 रु है। 7 लाख रु के सम एश्योर्ड पर वार्षिक बोनस हुआ 33600 रु। पूरी पॉलिसी की अवधि यानी 20 सालों में बोनस हुआ 6.72 लाख रु। 20 सालों में कुल 13.72 लाख रु का फायदा होगा। इसमें से बतौर मनी बैक 4.2 लाख रु पहले ही मिलेंगे। मैच्योरिटी पर एक साथ 9.52 लाख रु दिए जाएंगे।


Click it and Unblock the Notifications