नई दिल्ली। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय अपनी योजनाओं को पूरा करने के लिए बाजार से पैसा जुटाने जा रहा है। इसके लिए मंत्रालय बांड जारी करेगा। इन बांड की खूबी यह होगी कि इनमें आम लोगों और छोटे निवेशक को ज्यादा मौका दिया जाएगा। इन बांड में खुदरा निवेशकों को बैंक से थोड़ा ज्यादा ब्याज भी दिया जाएगा।

लोकसभा में दी नितिन गडकरी ने दी जानकारी
पिछले दिनों लोकसभा में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने विभाग की ग्रांट की मांग पर चर्चा के दौरान इस तरह की जानकारी दी है। उनके अनुसार वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वर्ष 2019-20 के बजट में उनके विभाग को 83,000 करोड़ रुपये का आवंटिन किया है। वहीं विभाग इस समय करीब 8 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। फंड के इस गैप को उनका विभाग बांड से पूंजी जुटाकर पूरा करना चाह रहा है। विभाग को इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास सहित जमीन अधिग्रहण करनी होती है, जिसके लिए काफी पैसा खर्च करना पड़ता है। गडकरी ने संसद में चर्चा के दौरान कहा कि सरकार सड़क परियोजना के लिए पैसे जुटाने के लिए इनोवेटिव मॉडल पर काम कर रही है, जिसमें आम लोगों का निवेश आकर्षित किया जाएगा।
बैंक से ज्यादा मिलेगी ब्याज दर
अभी बैंक की एफडी में पैसा कमा करने पर लोगों को करीब 6 फीसदी तक ब्याज मिलता है। उनका कहना है कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय अपने बांड में इससे ज्यादा ब्याज देने की योजना पर काम कर रहा है। गडकरी ने संसद में कहा था कि उनका मकसद इस बांड का फायदा शिक्षक, कर्मचारी, कुली, पत्रकार जैसे आम लोगों को उनके निवेश पर ज्यादा लाभ देने का है। गडकरी ने संसद में यह भी कहा कि लोग थोड़ा ज्यादा ब्याज के लालच में चिटफंड कंपनियों में पैसा जमा कर देते हैं, जिससे उन्हें बाद में नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे लोगों को उनका मंत्रालय ज्यादा ब्याज देगा। वहीं यह ब्याज लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिया जाएगा। इसमें अगर कोई चाहे तो उसे सप्ताहिक ब्याज दिया जा सकता है या वह चाहे तो उसे मासिक या सालाना आधार पर ब्याज दिया जा सकता है। उनका कहना था कि सरकार आम लोगों के पैसे का उपयोग करके सड़क बनाएगी और लोगों को उनके निवेश पर अच्छा रिटर्न देगी।
यह भी पढ़ें : जन औषधि केंद्र : ये है खोलने का तरीका, होती है अच्छी कमाई


Click it and Unblock the Notifications