प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागपुर में भीम-आधार डिजिटल प्लेटफार्म लॉन्च करते हुए कहा कि इससे दुनिया के किसी भी स्थान पर डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भीम-आधार डिजिटल भुगतान प्लेटफार्म हर भारतीय को स्मार्टफोन पर अपने बायोमिट्रिक डाटा का इस्तेमाल करके डिजिटली भुगतान करने की सुविधा देकर भारतीय अर्थव्यवस्था में क्रांति ला सकता है।
कैशलेस इकोनॉमी की तरफ एक और कदम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागपुर में भीम-आधार डिजिटल प्लेटफार्म लॉन्च करते हुए कहा कि इससे दुनिया के किसी भी स्थान पर डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलेगा। यह 'नकद रहित' अर्थव्यवस्था की ओर एक कदम होगा और इससे काले धन से छुटकारा मिलेगा।
नो कार्ड, नो कैश, सिर्फ अंगूठे से होगा पेमेंट
अब कोई भी पेमेंट करने के लिए आपको कैश, क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड साथ रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बताया जाता है कि इससे देश के प्रत्येक नागरिक व्यापारियों के बायोमेट्रिक युक्त उपकरण पर अंगूठे का निशान जैसे अपने बोयोमेट्रिक पहचान (आंकड़े) का उपयोग कर भुगतान कर सकेंगे। यह उपकरण बायोमेट्रिक जानकारी पढ़ने वाला स्मार्टफोन भी हो सकता है। इससे 27 बड़े बैंक तीन लाख व्यापारियों के साथ पहले ही इससे जुड़ चुके हैं। वे भीम आधार का उपयोग भुगतान स्वीकार करना शुरू कर सकते हैं।
BHIM एप की जरूरी बातें
- पेमेंट करने के लिए आपको कैश, क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड साथ रखने की जरूरत नहीं।
- सामान खरीदने के बाद कैश देने या कोई कार्ड इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं।
- आपको पेट्रोल आदि के भुगतान के लिए सिर्फ अपने अंगूठे की पहचान देनी होगी।
- इसके साथ ही कैशबैक स्कीम और रेफेरल बोनस की भी योजना शुरू।
- योजना की शुरुआत के बाद 75 टाउनशिप में बिना कैश के ही भुगतान हो सकेगा।
किसी तरह का भुगतान शुल्क नहीं लगेगा
आधार पेमेंट ऐप के जरिए भुगतान करने पर डेबिट और क्रेडिट कार्ड के लिए मास्टर कार्ड और वीजा को दिए जाने वाले शुल्क का भुगतान भी नहीं करना पड़ेगा। इस आधार पेमेंट ऐप को डाउनलोड करने के लिए एक स्मॉर्ट फोन की जरूरत होगी।
आधार पेमेंट के लिए सिर्फ आधार नंबर की जरूरत
ग्राहकों को इस सेवा का फायदा लेने के लिए आधार पेमेंट ऐप के लिए अपना आधार नंबर डालकर संबंधित बैंक का चुनाव करना होगा। इस आधार पेमेंट ऐप की खासियत है कि इसमें बायोमेट्रिक स्कैन पासवर्ड के रूप में काम करेगा। यूआईडीएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के मुताबिक अभी देश भर में सिर्फ 40 करोड़ आधार नंबर बैंक के खातों से जुडें हुए हैं।
कोई सर्विस चार्ज नहीं लगेगा
जहां एक ओर कार्ड से भुगतान करने पर हमें सर्विस चार्ज देना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर अगर आप आधार पे का इस्तेमाल करते हुए पैसों का भुगतान करते हैं तो आपको सर्विस चार्ज भी नहीं देना होगा।
इंटरनेट-डेटा की जरुरत नहीं
यह व्यवस्था बिना इंटरनेट या मोबाइल के भी काम करेगी। आपका बायोमीट्रिक डेटा पढ़ने के लिए दुकानदार के पास एक बायोमीट्रिक डिवाइस होगा, जिस पर आपको अपना बायोमीट्रिक डेटा देना होगा, जिसके बाद भुगतान हो जाएगा।
सिर्फ डेबिटकार्ड धारकों के लिए है सेवा
सरकार की इस नई व्यवस्था का फायदा सिर्फ डेबिट कार्ड से भुगतान करने वालों को होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि जब भी कभी आप अपने डेबिट कार्ड से भुगतान करते हैं तो आपके खाते से पैसे कटते हैं, इसलिए यह व्यवस्था डेबिट कार्ड वाले लोगों के लिए है।
क्रेडिट कार्ड वालों को नहीं मिलेगा कोई फायदा
जो लो अपने खर्चों का भुगतान क्रेडिट कार्ड से करते हैं, उन्हें इससे कोई खास फायदा नहीं होने वाला है। दरअसल, क्रेडिट कार्ड से भुगतान पर खाते से पैसे नहीं कटते हैं, बल्कि बैंक आपके पैसों का भुगतान करता है, इसीलिए यह सुविधा क्रेडिट कार्ड वालों के लिए फायदे का सौदा नहीं है।
2 इंच की होगी डिवाइस
यह डिवाइस बहुत बड़ी नहीं होगी। पीएम मोदी ने बताया है कि यह डिवाइस सिर्फ 2 इंच की होगी। इससे इस डिवाइस के रख-रखाव में भी कोई दिक्कत नहीं होगी।
पीएम ने अंबेडकर जयंती पर की शुरुआत
प्रधानमंत्री ने बी.आर. अंबेडकर की जयंती के मौके पर कई परियोजनाओं का उद्धाटन किया और कहा कि देश के लोगों को स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को पूरा करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगले पांच सालों में हर भारतीय के पास एक घर होना चाहिए।


Click it and Unblock the Notifications