नयी दिल्ली। आज के समय में बीमा एक बेहद जरूरी फाइनेंशियल प्रोडक्ट है। बीमा से आप खुद, आपका स्वास्थ्य, गाड़ी सभी चीजों पर वित्तीय तौर पर मजबूत रहते हैं। मगर हमारे देश में बीमा को अकसर लोग जीवन, स्वास्थ्य और ऑटो तक ही सीमित समझते हैं। जबकि ऐसी भी बहुत सारी बीमा पॉलिसी हैं, जिनके बारे में लोग नहीं जानते। एक दूसरी बात यह भी है कि अकसर लोग टैक्स कटौती का लाभ लेने के लिए बीमा पॉलिसी ले लेते हैं, जबकि इसका असल मकसद आपको, आपके स्वास्थ्य या आपकी जरूरी चीजों पर आर्थिक सुरक्षा देना होता है। यानी बीमा का उद्देश्य टैक्स बचाना नहीं होना चाहिए, बल्कि ये आपको फाइनेंशियल तौर पर मजबूती और सुरक्षा देने की चीज है। बीमा की ही कुछ ऐसी पॉलिसी हैं, जिनके बारे में आप भी बहुत कम या शायद बिल्कुल नहीं जानते होंगे। आइये जानते हैं ऐसी ही 3 बीमा पॉलिसी के बारे में, जो आपके लिए बेहद जरूरी हो सकती हैं।

Advertisement

ट्रेवल इंश्योरेंस या यात्रा बीमा

यात्रा बीमा यात्रा संबंधी बीमा कवरेज के हेल्थ खर्चों पर कवरेज देगा। यात्रा बीमा में जो अन्य शामिल चीजें शामिल रहती हैं उनमें यात्रा में देरी, यात्रा में रुकावट और यात्रा रद्द करना शामिल है। वहीं यात्रा से संबंधित अन्य जैसे चिकित्सा और स्वास्थ्य आपातकाल खर्च भी जुड़ सकते हैं, जो आपकी यात्रा के दौरान हों। इसके अलावा कुछ योजनाएँ ऐसी भी हैं, जिनमें यात्रा के दौरान दस्तावेज या सामान खोने या यात्रा दस्तावेजों की हानि या चोरी की स्थिति में आर्थिक सहायता मिलती है।

घर के लिए बीमा या होम इंश्योरेंस

किसी के भी लिए सबसे कीमती चीजों में से एक चीज होती है उसका घर। घर पर आप आम तौर पर बार बार खर्च नहीं करते। न ही आप बार-बार घर बनाते हैं या बदलते हैं। हालाँकि ज्यादातर लोग घर निर्माण या खरीदने के बाद इसकी सुरक्षा पर बहुत अधिक ध्यान नहीं देते हैं। मगर प्राकृतिक आपदा, जिनमें भूकंप, बाढ़ और तूफान आदि शामिल हैं, से घर को नुकसान हो सकता है। ऐसी किसी आपातकाल स्थिति से बचने के लिए आपके पास एक विकल्प है होम इंश्योरेंस। ये आपको काफी हद तक ऐसे मामलों में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगा।

क्रेडिट कार्ड सेफ्टी इंश्योरेंस

आपको भी कभी बैंक की तरफ से कॉल आयी होगी, जिसमें आपको डेबिट, क्रेडिट या ऐसे ही किसी कार्ड का बीमा करवाने की सलाह दी जाती है। आम तौर पर लोग इसे एक कस्टमर केयर की कॉल समझ कर ध्यान नहीं देते मगर ध्यान देना चाहिए। इस इंश्योरेंस पॉलिसी से डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, खुदरा और सदस्यता कार्ड की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। बीमा कंपनी आपको चोरी, धोखाधड़ी, कार्ड खोने आदि पर कवरेज देती है।

यह भी पढ़ें - निवेश 2020 : ये 5 निवेश लगातार दे रहे लाभांश, उठाएं फायदा